सामना संवाददाता / मुंबई
तमाम शिवसैनिकों की अत्यंत प्रिय मांसाहेब, स्व. सौ. मीनाताई ठाकरे की ९५वीं जयंती अर्थात ममता दिवस कल राज्यभर में श्रद्धा और सम्मानपूर्वक मनाया गया। स्व. सौ. मीनाताई ठाकरे स्मृति स्मारक समिति, शिवसेना की शाखाओं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से विविध जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन कर मांसाहेब को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शिवतीर्थ स्थित मांसाहेब के स्मारक पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने चंपा का पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्मृति स्मारक समिति की अध्यक्ष एवं ट्रस्टी रश्मि ठाकरे, शिवसेना नेता दिवाकर रावते, ट्रस्टी विशाखा राऊत, शिवसेना नेता एवं सांसद अनिल देसाई, उपनेता विजय कदम, प्रवीण पंडित, विभागप्रमुख एवं विधायक महेश सावंत, मनसे मुंबई उपनगर अध्यक्ष यशवंत किल्लेदार, निशिकांत शिंदे तथा शिवसेना सचिव अधिवक्ता साईनाथ दुर्गे उपस्थित थे।
मंगलवार सुबह से ही शिवतीर्थ स्थित मांसाहेब की प्रतिमा को नमन करने के लिए शिवसैनिकों की लंबी कतार लगी हुई थी। कार्यक्रम का आयोजन शिवसेना उपनेता विशाखा राऊत, जी. एस. परब, प्रवीण पंडित और नरेंद्र भोसले ने किया। मंडप सजावट का कार्य मनोहर डेकोरेटर्स के श्रीधर जाधव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सूर्यकांत बिर्जे ने किया, जबकि अल्पाहार की व्यवस्था विधानसभा क्षेत्र के पर्वेक्षक यशवंत विचले द्वारा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपशाखाप्रमुख सागर पवार, दिनकर पारधी, सदानंद जाधव, मंगेश मोरे और मंदार नार्वेकर ने विशेष परिश्रम किया।
लाखों शिवसैनिकों की लाडली मांसाहेब स्वर्गीय सौ. मीनाताई ठाकरे की ९५वीं जयंती के अवसर पर खोपोली स्थित रमाधाम वृद्धाश्रम में उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए मातृशक्ति का भावपूर्ण अभिवादन किया गया। मांसाहेब से जुड़ी अनेक यादों को इस अवसर पर ताजा किया गया। भक्ति गीतों और भजनों की मधुर स्वर लहरियों से रमाधाम का संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख श्री बालासाहेब ठाकरे ने मांसाहेब स्व. सौ. मीनाताई ठाकरे की संकल्पना को साकार करते हुए इस भव्य वृद्धाश्रम की स्थापना की थी। इस पावन स्थल से अनेक लोगों का भावनात्मक जुड़ाव है, जहां दादा-दादी की ममता के साथ हर प्रकार की देखभाल की जाती है। ममता दिवस के अवसर पर खोपोली के रमाधाम वृद्धाश्रम में सुबह से ही मातृशक्ति और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। रमाधाम के अध्यक्ष चंदूमामा वैद्य ने मांसाहेब की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूर्व नगरप्रमुख संतोष देशमुख, विलास चालके, छगन राठोड, राजू पिंगले, गाडे मामा सहित बड़ी संख्या में दादी व दादाजी तुल्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।
श्रीगणेश और गोमाता का पूजन
मांसाहेब की इच्छा थी कि रमाधाम परिसर में एक गणेश मंदिर हो और उसके समक्ष गोमाता का पालन पोषण किया जाए। उनकी इच्छा के अनुरूप गणपति मंदिर का निर्माण किया गया। ममता दिवस और अंगारकी चतुर्थी के शुभ अवसर पर इस मंदिर में विराजमान श्री गणेश तथा सामने स्थापित गोमाता का पूजन रमाधाम के अध्यक्ष चंदूमामा वैद्य के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया।
