मुख्यपृष्ठनए समाचार‘यूज एंड थ्रो' का नया चैप्टर!.. भाजपा ने दिया शिंदे गुट को...

‘यूज एंड थ्रो’ का नया चैप्टर!.. भाजपा ने दिया शिंदे गुट को दगा!

-अंबरनाथ में कांग्रेस से मिलाया हाथ…शिंदे गुट को फेंका बाहर

सामना संवाददाता / ठाणे

अंबरनाथ नगर परिषद में भाजपा ने अपने ही सत्ता सहयोगी शिंदे गुट को करारा झटका देते हुए कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया है। शिंदे गुट को पूरी तरह किनारे कर भाजपा–कांग्रेस की यह नई सियासी जुगलबंदी सामने आते ही राजनीतिक भूचाल आ गया है। राजनीतिक जानकार इसे भाजपा की पुरानी ‘यूज एंड थ्रो’ नीति का अनुसरण कह रहे हैं।
इस अकल्पनीय समीकरण से शिंदे गुट बुरी तरह तिलमिला गया है और उसने इस गठजोड़ को खुलकर ‘अभद्र और अवसरवादी गठबंधन’ करार दिया है। बकौल शिंदे गुट, ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ का नारा देने वाली भाजपा आज सत्ता के लालच में कांग्रेस के सहारे अंबरनाथ नगर परिषद में बहुमत की कुर्सी तक पहुंचने जा रही है। अंबरनाथ नगर परिषद में भाजपा के १६, कांग्रेस के १२ और दादा गुट के ४, इस तरह कुल ३२ नगरसेवकों का समर्थन भाजपा को मिल रहा है। इसी दम पर भाजपा की तेजश्री करंजुले नगराध्यक्ष पद पर निर्वाचित हो चुकी हैं। सत्ता का यह गणित बनते ही साफ हो गया कि शिंदे गुट को जानबूझकर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
भाजपा का पलटवार
इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए संडे को उसकी औकात दिखाने की कोशिश की है। पार्टी उपाध्यक्ष गुलाबराव करंजुले पाटील ने कहा कि पिछले २५ वर्षों से भ्रष्टाचार करने वाले शिंदे गुट को अगर सत्ता में साथ लिया जाता, तो वही असली ‘अभद्र युति’ होती। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कई बार महायुति के तहत शिंदे गुट से बातचीत की कोशिश की, लेकिन उनके नेताओं ने कोई रिस्पांस नहीं दिया। कुल मिलाकर अंबरनाथ नगर परिषद में भाजपा की इस सियासी चाल ने महायुति के भीतर दरार को पूरी तरह उजागर कर दिया है। सत्ता के खेल में भाजपा ने शिंदे गुट को जिस तरह किनारे किया है, उसने साफ कर दिया है कि गठबंधन की दोस्ती अब सिर्फ जरूरत भर सीमित रह गई है। यानी मामला ‘यूज एंड थ्रो’ का रह गया है।
पीठ में छुरा
शिंदे गुट के विधायक बालाजी किणीकर ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस-मुक्त भारत का ढोल पीटने वाली भाजपा ने कांग्रेस से हाथ मिलाकर शिवसेना के साथ सीधा धोखा किया है। उन्होंने इसे शिंदे गुट के लिए पीठ में छुरा घोंपने जैसा बताया।

अन्य समाचार