क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई इंसानों को खत्म कर सकता है? दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क का तो यही मानना है। टेस्ला के सीईओ मस्क ने एक बार फिर दुनिया को आगाह किया है कि अगर हमने सावधानी नहीं बरती तो आने वाले समय में एआई मानव सभ्यता के लिए काल बन सकता है। एआई सिस्टम्स के बारे में बात करते हुए मस्क ने अदालत से कहा, `यह हम सभी को खत्म कर सकता है।’ दिलचस्प बात यह है कि यह चेतावनी मस्क ने कहीं और नहीं, बल्कि एक अदालत के भीतर दी है।
दरअसल, मस्क और ओपन-एआई के बीच कानूनी जंग शुरू हो चुकी है। मस्क ने ओपन-एआई और उसके सीईओ सैम ऑल्टमैन पर मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि जिस कंपनी को उन्होंने `मानवता की भलाई’ के लिए शुरू किया था, वह अब सिर्फ मुनाफा कमाने वाली मशीन बन गई है। कोर्ट रूम में मस्क ने अपनी पुरानी चिंताओं को दोहराते हुए कहा कि वो सालों से एआई के खतरों के बारे में बोल रहे हैं। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। एलन मस्क के मुताबिक, साल २०१५ में जब उन्होंने गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज से एआई सेफ्टी पर बात की तो लैरी ने उन्हें `स्पेशिस्ट’ कह दिया था। मस्क का कहना है कि लैरी पेज को लगता था कि एआई एक `यूटोपिया’ यानी स्वर्ग जैसी दुनिया बनाएगा, लेकिन मस्क को डर था कि यह पूरी मानव जाति को मिटा सकता है। मस्क ने अदालत में दो हॉलीवुड फिल्मों का उदाहरण दिया।
