मुख्यपृष्ठनए समाचारडिप्रेशन में वर्दी!..लव ब्रेकअप का दर्दनाक अंत

डिप्रेशन में वर्दी!..लव ब्रेकअप का दर्दनाक अंत

-डायरी में दर्द, बंदूक से चली गोली

– तीन साल के रिश्ते का दर्द

– एकतरफा प्यार में लोक भवन में एसआरपीएफ जवान ने दी जान

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के लोक भवन में तैनात एसआरपीएफ जवान कौस्तुभ सांगले (२६) ने मंगलवार रात ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। मामले की जांच में सामने आया है कि वह लव ब्रेकअप के बाद गहरे डिप्रेशन में था। उसकी डायरी से इस बात का खुलासा हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कौस्तुभ नासिक के लासलगांव का रहने वाला था। वह एसआरपीएफ की यूनिट-१६, कोल्हापुर में तैनात था और ड्यूटी के सिलसिले में मुंबई के लोक भवन में आया हुआ था। मंगलवार रात करीब ८:३० बजे उसने अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर साथी जवान और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मालाबार हिल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने जब कौस्तुभ का सामान खंगाला तो उसमें एक डायरी मिली। डायरी में लिखी बातों से पता चला कि वह पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहा था। पुलिस ने डायरी की अंतिम प्रविष्टि को ही उसका सुसाइड नोट माना है। जांच में यह भी सामने आया कि कौस्तुभ का मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय में तैनात एक महिला कांस्टेबल से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात तीन वर्ष पहले पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में हुई थी।
नौकरी जॉइन करने के बाद कौस्तुभ ने महिला कांस्टेबल को शादी का प्रस्ताव दिया, लेकिन उसने इनकार कर दिया और धीरे-धीरे बातचीत भी बंद कर दी। इसके बाद कौस्तुभ लगातार फोन और संदेश के जरिए उसे मनाने की कोशिश करता रहा। जब बात नहीं बनी तो उसने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर महिला कांस्टेबल ने पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई। कौस्तुभ को सबसे बड़ा सदमा तब लगा, जब उसे पता चला कि दो महीने पहले महिला की अरेंज मैरिज हो चुकी है। पुलिस का मानना है कि इसी सदमे और मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
डायरी बनी सबसे बड़ा सुराग
कौस्तुभ सांगले के सामान से मिली डायरी जांच का अहम आधार बनी। पुलिस के अनुसार, अंतिम प्रविष्टि को सुसाइड नोट माना गया है। इसमें मानसिक तनाव, असफल प्रेम संबंध और भावनात्मक टूटन के संकेत मिले हैं। पुलिस डायरी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

अन्य समाचार