सामना संवाददाता/सुल्तानपुर
पालिका ने सफाई विभाग व जल-कल विभाग के वाहनों की पार्किंग, रखरखाव व संचालन के लिये गोराबारिक अमहट में नवीन वर्कशाप-सर्विस स्टेशन स्थापित किया है। जिसका गुरुवार को पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में पालिका में वाहनों की अधिकता होने से उनके समुचित रख-रखाव एवं अव्यवस्थित पार्किंग इत्यादि सम्बन्धी समस्याओं के तात्कालिक निराकरण की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए पालिका के वाहनों की सुरक्षित पार्किंग एवं उनकी रिपेयरिंग व मेन्टीनेन्स कार्य के लिये इस पालिका स्वामित्व की अवैध अतिक्रमण से खाली करायी गयी जमीन पर १५वें वित्त आयोग के मद से पौने दो करोड़ की लागत से मिट्टी भरान, इन्टरलॉकिंग खड़ंजा मार्ग, सुरक्षा के लिये बाउण्ड्रीवाल व दो हल्के वाहन व शेड निर्माण, वाशिंग शेड, प्रशासनिक भवन व विश्राम कक्ष, शौचालय आदि निर्माण कार्य कराया गया है। इस नवीन वर्कशाप के निर्माण से शहर की साफ-सफाई का कार्य करने वाले सफाई वाहनों संचालन व रख-रखाव आदि व्यवस्थाएं यहीं से सुनिश्चित की जायंेगी। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने कहा कि इस नवीन वर्कशाप में कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगायी गयी है। कार्यक्रम का संयोजन स्थानीय सभासद अंतिमा गुप्ता एवं संदीप गुप्त ने किया। जबकि संचालन सभासद प्रवीण मिश्र ने किया। इस अवसर पर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सफाई व खाद्य निरीक्षक अधूलिका, अवर-अभियन्ता नीलम कुमारी, सभासद दिनेश चौरसिया, अरूण कुमार तिवारी, अफजल अंसारी, अरविन्द कुमार यादव, गिरीश मिश्र, संजय कप्तान, अरशद हबीब व अजय सिंह, मनीष जायसवाल, मो0 अहमद भाई तथा नामित सदस्य रेनू सिंह, प्रदीप जायसवाल, रवि अग्रहरि व पालिका के विभागीय अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
