सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता व सांसद अरविंद सावंत ने भाजपा सरकार पर विपक्षी दलों को तोड़ने का गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा विपक्षी दलों में फूट डालने की राजनीति कर रही है और पश्चिम बंगाल में तृणामूल कांग्रेस (टीएमसी) में फूट डालकर राजनीतिक रूप से कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुंबई में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सावंत ने कहा कि टीएमसी के २० सांसदों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखे जाने संबंधी खबरों के बीच जो घटनाक्रम सामने आ रहा है, उसका अनुभव महाराष्ट्र में भी देखा जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी राजनीतिक संरक्षण के बिना इस प्रकार की घटनाएं संभव नहीं हैं। पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी को राजनीतिक रूप से अलग-थलग करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब टीएमसी का गला घोंटने की कोशिश की जा रही है, ताकि उसके सामने कोई मजबूत राजनीतिक शक्ति खड़ी न हो सके। सावंत ने कहा कि वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस में जो कुछ हो रहा है, उसका कड़वा अनुभव हम महाराष्ट्र में पहले ही कर चुके हैं। किसी के समर्थन के बिना इस तरह की स्थिति पैदा नहीं हो सकती। जिस दल के टिकट पर कोई जनप्रतिनिधि चुनाव जीतकर आता है, वह उसी दल को छोड़ने का साहस वैâसे कर सकता है? इसके पीछे निश्चित रूप से किसी न किसी प्रकार का लाभ जुड़ा होता है। सत्तारूढ़ भाजपा बेहद खराब राजनीतिक खेल खेल रही है। यह लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
