अनिल मिश्र / पटना
धरती का दूसरा भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर के पढ़ाई हेतु नामांकन की परीक्षा नीट में लगातार हो रहे पेपर लीक, भ्रष्टाचार, धांधली तथा सी बी एस सी की परीक्षा परिणाम में उजागर हुए व्यापक अनियमितता आदि के खिलाफ आज कॉंग्रेस नीत इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दलों ने चट्टानी एकजुटता दिखाते हुए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की आवाज बुलंद की है। बिहार प्रदेश कॉंग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रो विजय कुमार मिट्ठू , पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला काँग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टिंकू गिरी, प्रो विश्वनाथ कुमार, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा आदि ने कहा कि देश के 22 लाख नीट परीक्षार्थियों सहित 18 लाख सीबीएससी के छात्रों एवं उनके परिजनों में भारी आक्रोश है साथ ही साथ अभी तक देश के दर्जनों छात्र आत्महत्या भी कर चुके हैं। इस बीच इन सभी नेताओं ने कहा नीट परीक्षा आयोजित करने वाला एनटीए की विश्वसनीयता पर वर्षो से गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर सीबीएससी परीक्षा परिणाम में हुई घोर अनियमितता को मीडिया के समक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने स्वीकार करते हुए इसके अध्यक्ष एवं सचिव को भी बदलने का काम किया है।
इन नेताओं ने कहा कि आखिर क्या कारण है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री इन परीक्षाओं में हुई धांधली को स्वीकार करने के बाद भी इस्तीफा नहीं देकर थेंथरई करने का काम कर रहे हैं, तो दूसरी ओर प्रधानमंत्री भी मुक दर्शक बने बैठे हैं। इस बीच इन सभी नेताओं ने कहा कि सम्पूर्ण देशभर में छात्र, युवा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलित है। लगभग सभी राज्यों के मुख्यालयों पर विशाल धरना-प्रदर्शन, मशाल जुलूस निकालने का काम विगत कई दिनों से जारी है। नेताओं ने नीट की दोबारा परीक्षा जो 21 जून 2026 को आयोजित होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफा दे, नहीं तो आंदोलन और तीव्र होगी।
