राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम नगरी के पौराणिक महत्व वाले नैनी के अरैल घाट पर बुधवार को यमुना नदी में स्नान करने गए तीन दोस्तों में एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के दौरान दो अन्य दोस्त उसे डूबता देख मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और काफी देर तक तलाश अभियान चलाने के बाद किशोर का शव ढूंढ निकाला। मृतक की पहचान एडीए कॉलोनी नैनी के पाठक मार्केट निवासी 14 वर्षीय आशुतोष पाल पुत्र श्रीकांत पाल के रूप में हुई है। बताया गया कि आशुतोष अपने दो दोस्तों के साथ अरैल घाट पर स्नान करने गया था। तीनों नदी में नहा रहे थे तभी आशुतोष अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसने बचाव के लिए अपने दोस्तों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन दोनों साथी उसकी सहायता करने के बजाय वहां से भाग निकले।
आशुतोष के डूबने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय मल्लाहों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजन को सूचना दी और आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
