सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मोदी सरकार ३.० के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। पार्टी ने ‘वादा बनाम हकीकत’ नाम से ७५ पन्नों की रिपोर्ट जारी कर दावा किया कि पिछले १२ वर्षों में किए गए अधिकांश वादे सिर्फ प्रचार तक सीमित रह गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने बड़े-बड़े दावे तो किए, लेकिन आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिला।
कांग्रेस ने रिपोर्ट में महंगाई, बेरोजगारी, कृषि, एमएसएमई, शिक्षा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। पार्टी के मुताबिक उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले गैस सिलेंडरों की संख्या लगातार घटाई गई है, जबकि रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, दूध और दालों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस का दावा है कि महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। रोजगार के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। पार्टी का कहना है कि युवाओं को रोजगार का केंद्र बनाने का वादा किया गया था, लेकिन आज बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।
मोदी सरकार के दावों पर उठे सवाल
कांग्रेस ने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर भी सवाल उठाए और कृषि क्षेत्र की चुनौतियों को उजागर किया। साथ ही शिक्षा में पेपर लीक, रेलवे सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर भी सरकार की आलोचना की। कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार उपलब्धियों का प्रचार कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है। रिपोर्ट जारी होने के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है।
