मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिवरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कृपाशंकर मिश्र के नये काव्य संग्रह “साहित्य मंथन” का...

वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कृपाशंकर मिश्र के नये काव्य संग्रह “साहित्य मंथन” का लोकार्पण

सामना संवाददाता / मुंबई

समाज और संस्कृति को सही दिशा देता है अच्छा साहित्य

प्रतीक्षा मेमोरियल एज्युकेशनल ट्रस्ट, मुंबई के 20वें वार्षिक सम्मेलन का गरिमापूर्ण समारोह बुधवार, 10 जून, 2026 को मुंबई के प्रमुख उपनगर गोरेगांव स्थित केशव गोरे सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंच पर उपस्थित विभिन्न प्रबुद्ध एवं गणमान्य अतिथियों ने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कृपाशंकर मिश्र द्वारा नवसृजित हिंदी काव्य-संग्रह “साहित्य मंथन” का लोकार्पण किया। डॉ. मिश्र की नवीनतम पुस्तक पर परिचर्चा के दौरान विभिन्न अतिथि वक्ताओं ने कहा कि अच्छा साहित्य हमेशा समाज एवं संस्कृति को सही दिशा देता है और इस कसौटी पर डॉ. मिश्र की सभी पुस्तकें पूरी तरह खरी उतरती हैं।
इस सुरुचिपूर्ण समारोह की अध्यक्षता हिंदी साहित्य के वरिष्ठतम हस्ताक्षर डॉ. सुधाकर मिश्र ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. कृपाशंकर मिश्र की सृजनधर्मिता एवं लेखकीय गुणवत्ता की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनका हार्दिक अभिनंदन किया और उनकी भावी सृजन-यात्रा के लिए अनंत शुभकामनाएँ दीं।
परिचर्चा में भाग लेने वाले मनीषियों में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के निवर्तमान कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे, मुंबई विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. करुणाशंकर उपाध्याय, वरिष्ठ साहित्यकार एवं प्रमुख राजनेता प्रो. डॉ. दयानंद तिवारी, वरिष्ठ विदुषी डॉ. उषा मिश्रा, वरिष्ठ शायर डॉ. सागर त्रिपाठी, वाराणसी से आए विद्वान डॉ. कपिलदेव प्रसाद मिश्र, नागपुर से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार श्रीरामकृष्ण सहस्रबुद्धे, राजकुमार मिश्र तथा समारोह का कुशल संचालन कर रहे डॉ. उमेशचंद्र शुक्ल शामिल थे। सभी वक्ताओं ने “साहित्य मंथन” तथा डॉ. कृपाशंकर मिश्र की सृजन-यात्रा के विभिन्न पहलुओं पर अपने विस्तृत एवं समीक्षात्मक विचार व्यक्त किए।
समारोह का शुभारंभ जाने-माने संस्कृत विद्वान श्रीराम व्यास उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, डॉ. सुधाकर मिश्र एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा सुश्री कनिष्का अंकित मिश्रा द्वारा गणेश स्तुति पर प्रस्तुत आकर्षक कथक नृत्य के साथ हुआ। सभी का स्वागत करते हुए संस्था के अध्यक्ष डॉ. कृपाशंकर मिश्र ने अपनी प्रस्तावना में समारोह के संपूर्ण नियोजन एवं संस्था की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ गीतकार एवं मीडिया सलाहकार गजानन महतपुरकर, मशहूर फिल्मी गीतकार डॉ. देवमणि पांडेय, वरिष्ठ साहित्यकार बोधिसत्व, डॉ. नीलिमा पांडेय, श्रीमती आभा बोधिसत्व, श्रीमती सत्यभामा सिंह, राजकुमार मिश्र, डॉ. दिनेश वर्मा, डॉ. रोशनी किरण, डॉ. किरण मिश्रा, श्रीमती पल्लवी रानी, श्रीमती किरण तिवारी तथा ओमप्रकाश तिवारी सहित विभिन्न वरिष्ठ कलमकारों को संस्था की ओर से प्रशस्ति-पत्र, पुष्पगुच्छ, नवलोकार्पित पुस्तक की प्रति एवं शॉल भेंट कर “साहित्य गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले अन्य कलमकारों में शिवप्रकाश जौनपुरी, मनोज नायक, लाल बहादुर कमल, नंदन मिश्र त्यागी, सुरेश मिश्र, मिथिलेश मिश्र, प्रमोद उपाध्याय, नीतू पांडेय क्रांति, राजेंद्र मिश्र, डॉ. मृदुल तिवारी महक, वाचस्पति तिवारी, श्रीधर आत्मिक मिश्र, प्रमोद पांडेय, विनोद पांडेय, रामजीत गुप्त, नंदलाल क्षितिज, ए. पी. द्विवेदी, श्रीमती रोमा झा, श्रीमती कुसुम तिवारी, इंदिरा तिवारी, श्रीमती अमिता गुजराल, श्रीमती जागृति सिन्हा, राजनाथ शर्मा, हरिशंकर मिश्र, संतोष मिश्र, सुरेश दुबे, कृष्णकांत मिश्र, राम सिंह, अमरनाथ तिवारी, गौरीशंकर तिवारी, हरिश्चंद्र पांडेय, आनंद पांडेय केवल, श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, विनय शर्मा दीप, अरुण दुबे, डॉ. प्रमोद पांडेय, सूर्यकुमार तिवारी एवं समस्त मानस ट्रस्ट परिवार, संजय द्विवेदी, अनिल कुमार राही, राकेशमणि तिवारी, आर. के. सर चुलबुल, अवधेश विश्वकर्मा तथा एस. वी. राघवन शामिल हैं।
समारोह के संयोजन में वसीम और उनके सक्रिय सहयोगियों ने समर्पित भाव से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कृपाशंकर मिश्र ने सभी के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया।

अन्य समाचार