मुख्यपृष्ठअपराधघर के पीछे बगीचे में पूर्व प्रधान के बेटे की गोली मारकर...

घर के पीछे बगीचे में पूर्व प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या, हत्याकांड के बाद भारी तनाव

राजेश सरकार / प्रयागराज

-हमलावरों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिशें

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत गोती गांव में गुरुवार सुबह जमीनी या आपसी विवाद के चलते एक जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत गोती गांव के विनोद सिंह पूर्व प्रधान हैं। बताया जा रहा है कि उनके दो पुत्रों में छोटे पुत्र कुश सिंह (24) गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे घर के पीछे अपने बगीचे में बैठे थे। बताते हैं कि तभी हमलावर वहां पहुंचे और उन्हें गोली मारकर फरार हो गए।
आनन-फानन में घायल कुश सिंह को स्वरूप रानी चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। घटनास्थल पर संबंधित एसीपी सुनील कुमार सिंह दलबल के साथ स्वयं पहुंचे। पुलिस जमीनी विवाद सहित अन्य पहलुओं पर गहनता से जांच-पड़ताल में जुटी है और हत्यारोपियों की तलाश में कई टीमों का गठन कर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।
*हत्या के शक में पड़ोसी को उठाया
पूर्व प्रधान के पुत्र की हत्या के संबंध में अपर पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विजय आनंद ने मीडिया को बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वारदात को अंजाम दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। संदेह के आधार पर एक पड़ोसी व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। इस बीच पूर्व प्रधान के बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
*साक्ष्य संकलन
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीमों ने बगीचे से फिंगरप्रिंट और खोखे बरामद किए हैं।
*टीमें गठित
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसीपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में चार विशेष टीमें दबिश दे रही हैं।
*सुरक्षा व्यवस्था
गांव में तनाव को देखते हुए गोती गांव और पोस्टमार्टम हाउस (मोर्चरी) पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
*कॉल डिटेल्स की जांच
पुलिस मृतक कुश सिंह के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (सीडीआर) खंगाल रही है, ताकि अंतिम समय में उनके संपर्क में रहे लोगों का पता लगाया जा सके।

अन्य समाचार