मुख्यपृष्ठसमाचारस्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाज पर बमबारी, देवरिया के शिवानंद चौरसिया की...

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाज पर बमबारी, देवरिया के शिवानंद चौरसिया की मौत!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक जहाज पर हुई बमबारी में देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम सुरौली निवासी शिवानंद चौरसिया की मौत हो गई। 36 वर्षीय शिवानंद चौरसिया के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवानंद चौरसिया लगभग छह महीने पहले फिटर की नौकरी करने के लिए मुंबई गए थे। मुंबई में काम मिलने के बाद वह जहाज के जरिए सिंगापुर गए थे और वहीं से उनका काम समुद्री जहाजों पर जारी था। परिजनों के अनुसार, वह हाल ही में एक जहाज से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दो दिन पूर्व स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास जहाज पर बमबारी की घटना हुई, जिसमें उनकी मौत हो गई।
परिवार में उनकी पत्नी सुशीला, एक बेटा और एक छोटी बेटी है। घटना की सूचना मिलने के समय उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थीं।
पिता रामजी चौरसिया ने बताया कि उनका बेटा पिछले छह महीने से जहाज पर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि अंतिम बार 9 तारीख को बेटे से बात हुई थी। उस समय उसने कहा था कि सब ठीक है और वह ओमान के पास है। पिता ने भावुक होकर कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
ग्रामीण अजय कुमार शाही ने बताया कि शिवानंद बहुत ही अच्छा और मेहनती युवक था। उसकी मौत की खबर से पूरा गांव स्तब्ध है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
परिजनों ने सरकार से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही परिवार ने एक करोड़ रुपये मुआवजे, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा शिवानंद का शव भारत वापस लाने की मांग की है।
फिलहाल, घटना को लेकर परिवार और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। सभी लोग यही मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द शव को घर लाया जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके।

अन्य समाचार