मुख्यपृष्ठनए समाचारजुहू की खूनी क्लीनिंग...कचरा साफ करनेवाली ‘बॉबकैट’ मशीन ने महिला को कुचला!.....

जुहू की खूनी क्लीनिंग…कचरा साफ करनेवाली ‘बॉबकैट’ मशीन ने महिला को कुचला!.. घटनास्थल पर ही सफाईकर्मी की मौत… एक वाहन से गिरी, दूसरे के नीचे दबी

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के जुहू बीच पर सफाई अभियान के दौरान एक बॉबकैट (पकॉम्पैक्ट ट्रैक लोडर) मशीन के नीचे कुचलकर मनपा की एक महिला सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पीड़िता एक वाहन से गिर गई थी और फिर दूसरी मशीन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई और उसके सहकर्मी सदमे में आ गए। महिला मनपा के घन कचरा व्यवस्थापन विभाग में कार्यरत थी। बॉबकैट नाम से मशहूर यह मशीन गंदगी व मिट्टी हटाती है। जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम अंगामा देवेंद्र था और वह विले पार्ले के नेहरू नगर की निवासी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना सुबह साढ़े दस से ग्यारह बजे के बीच उस समय हुई, जब कर्मचारी बीच का एक हिस्सा साफ करने के बाद काम खत्म कर रहे थे। बताया गया कि अंगामा देवेंद्र एक लोडर से गिर गई और उसी समय पीछे चल रही दूसरी मशीन ने महिला को कुचल दिया।
मनपा ने साधी चुप्पी
मनपा के ‘के पश्चिम’ विभाग से इस हादसे पर प्रतिक्रिया के लिए संपर्क किया गया, लेकिन वहां के अधिकारियों ने घटना पर चुप्पी साध ली। खबर लिखे जाने तक उनसे कोई जवाब नहीं मिला।
सहकर्मी रह गए हैरान
एक सहकर्मी ने बताया कि वे सभी वाहन के पीछे वाले हिस्से में बैठे थे और उनके पीछे भी एक मशीन चल रही थी। रेत में एक छोटा गड्ढा था, जो दिखाई नहीं दे रहा था। उसी पर वाहन से झटका लगा और देवेंद्र गिर गई। अचानक हुए इस हादसे में पीछे चल रही मशीन के ब्रेक समय पर नहीं लग पाए। यह बहुत भयावह था और हम सभी डर गए थे।
पलक झपकते ही महिला सफाईकर्मी ने तोड़ा दम!
जुहू में सफाई के दौरान एक दर्दनाक घटना में एक महिला सफाईकर्मी की जान चली गई। सफाई करनेवाली बॉबवैâट मशीन ने उसे कुचल दिया। वहां टीम में तैनात एक कर्मचारी ने कहा कि उन्हें पहले इस घटना पर विश्वास ही नहीं हुआ। वे नाश्ता करने पार्क गए थे, तभी हादसे की जानकारी मिली और तुरंत वापस लौटे। पुलिस चौकी के अधिकारी पहले ही मौके पर पहुंच चुके थे और आवश्यक कार्रवाई कर रहे थे। देवेंद्र को कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम किया जाना है। यह घटना शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब की है।

अन्य समाचार