सामना संवाददाता / मुंबई
चुनाव के जरिए जिस `गोकुल दूध संघ’ को नहीं जीता जा सका, उसे पिछले दरवाजे से हथियाने की कोशिश बीजेपी ने शुरू कर दी है। बीजेपी की इस राजनीति का असर कोल्हापुर और मुंबई से लेकर दिल्ली तक देखने को मिल रहा है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। राहुल गांधी ने कल बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा, `बीजेपी सत्ता के लिए बहुत लाचार हो चुकी है और गोकुल में भी वोट चोरी करने तक उतर आई है। दूध पैदा करने वाला किसान इस चोरी को भूलेगा नहीं।’ वहीं कांग्रेस विधायक सतेज पाटील ने मुंबई में प्रेस कॉन्प्रâेंस करके सरकार की साजिशों का पर्दाफाश किया। उन्होंने गोकुल के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने के साथ-साथ सड़कों पर उतरने की भी चेतावनी दी।
राहुल गांधी ने गोकुल के संदर्भ में `एक्स’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट की है, जिसके जरिए उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा। राहुल ने गुस्सा जताते हुए लिखा, `गोकुल दूध संघ के चुनाव में दूध उत्पादक किसानों ने बीजेपी को हराया था। बीजेपी इस हार को पचा नहीं पाई। उन्होंने चुनाव के बाद नियम बदल दिए और अपने ४ डायरेक्टरों की जबरदस्ती एंट्री करा दी। इस तरह उन्होंने अपने सदस्यों की संख्या १२ से बढ़ाकर १६ कर ली और बहुमत चुरा लिया। यह सीधी-सीधी चोरी है और जनमत में मिलावट है।’
९ नवंबर को कोल्हापुर में `संघर्ष मोर्चा’
गोकुल में सरकारी डायरेक्टर घुसाने के सरकार के फैसले के खिलाफ सतेज पाटील ने ९ नवंबर को कोल्हापुर में विशाल `संघर्ष मोर्चा’ निकालने का एलान किया है। यह बड़ा मोर्चा कोल्हापुर के दशहरा चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला जाएगा। उन्होंने संविधान में विश्वास रखने वाली जनता से हजारों की संख्या में इस मोर्चे में शामिल होने की अपील की।
` शिवसेना आपके साथ’ -उद्धव ठाकरे ने सतेज पाटील को फोन किया
गोकुल के लिए सतेज पाटिल द्वारा शुरू की गई इस लड़ाई में अब शिवसेना भी उतर आई है। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने सतेज पाटील को फोन करके बातचीत की। उद्धव ठाकरे ने भरोसा दिलाया कि गोकुल को बचाने की लड़ाई में शिवसेना आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। शिवसेना के इस समर्थन से इस आंदोलन को और मजबूती मिलेगी।
