सुनील ओसवाल / मुंबई
-गर्भवती बहू का सिर मुंडवाया, भूखा रखा और जलाया
महाराष्ट्र के कल्याण से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। दहेज की मांग को लेकर एक गर्भवती महिला को कथित तौर पर महीनों तक प्रताड़ित किया गया, उसे भोजन तक नहीं दिया गया और आखिरकार उसका सिर मुंडवा दिया गया। पीड़िता किसी तरह ससुराल से निकलकर मायके पहुंची, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।
पीड़िता मूल रूप से उल्हासनगर की रहने वाली है। उसका विवाह नवंबर २०२५ में कल्याण के वालधुनी क्षेत्र निवासी से हुआ था। परिवार का आरोप है कि शादी से पहले ही दहेज देने में असमर्थता जताई गई थी, लेकिन विवाह के कुछ ही समय बाद कथित तौर पर दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गर्भवती होने के बावजूद उसे पर्याप्त भोजन नहीं दिया जाता था। घर का खाना अलग रख दिया जाता, आर्थिक रूप से परेशान किया जाता और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की जाती थी। इतना ही नहीं, उसके हाथों को गर्म पानी से जलाने जैसी अमानवीय हरकतें भी की गईं।
आरोप है कि ७ जून को ससुराल वालों ने उसके सिर में जूं होने का बहाना बनाकर जबरन उसका सिर मुंडवा दिया। लगातार हो रहे कथित अत्याचारों से परेशान पीड़िता आखिरकार ससुराल से निकलकर अपनी बहन के घर पहुंची। वहां से उसने अपने भाई को फोन कर पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार ने उसे उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि गर्भवती महिला के साथ हुई इस अमानवीय हरकत को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
जूं के बहाने, जबरन मुंडवा दिया सिर
पीड़िता के अनुसार, ७ जून को ससुराल वालों ने सिर में जूं होने का बहाना बनाकर जबरन उसके बाल मुंडवा दिए। घटना सामने आने के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।
