– पुलिस महकमे में हजारों पद खाली
-सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी
– पुलिस का काम करेंगे वॉलंटियर्स
फिरोज खान / मुंबई
आर्थिक राजधानी मुंबई हमेशा आतंकियों की हिटलिस्ट पर रहती है। २६/११ के १८ साल बाद भी पुलिस फोर्स में ३,८८६ पोस्ट खाली हैं। आश्चर्य की बात यह है कि राज्य पुलिस फोर्स में मैनपावर की कमी के कारण, महाराष्ट्र स्टेट सिक्योरिटी कॉर्पोरेशन के लोगों की मदद ली जाएगी। चूंकि कई पोस्ट खाली हैं, इसलिए जब तक कि ये पोस्ट नहीं भरी जातीं सिक्योरिटी बोर्ड के लगभग तीन हजार लोग पुलिस फोर्स की मदद करेंगे।
सिर्फ ३८,०८० पुलिसकर्मी कर रहे हैं काम
पुलिस अधिकारियों की कुल मंजूर पोस्ट ४१,९६६ हैं, जिनमें से ३८,०८० पुलिसवाले असल में काम कर रहे हैं। बाकी ३,८८६ पोस्ट खाली हैं। इन खाली पोस्ट में से ३,५२१ पोस्ट आने वाली भर्ती में भरी जाएंगी। बाकी पोस्ट बाद की भर्ती में भरी जाएंगी। पुलिस भर्ती प्रक्रिया के लिए ढुलमुल रवैया अपनाया जा रहा है, जिसके चलते ये स्थिति बनी है।
वॉलंटियर्स करेंगे पुलिस का काम!
मुंबई में पुलिस बल में हजारों पद खाली हैं। मगर उनकी भर्ती करने के बजाय सरकार एक खतरनाक कदम उठा रही है। इसके तहत फडणवीस सरकार ने भर्ती में देरी कर मुंबई की सुरक्षा अब वॉलंटियर्स के हवाले कर दिया है।
सबसे अहम बात यह है कि पुलिस महकमे में पुलिस फोर्स की भारी कमी के चलते मौजूदा पुलिस कर्मियों को काफी दबाव में काम करना पड़ रहा है। लगातार ड्यूटी के चलते पुलिसकर्मी मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजर रहे हैं। ऐसी विकट स्थिति में नई भर्ती करने के बजाय मुफ्त के वॉलंटियर्स तैयार किए जा रहे हैं। अब मुंबई पुलिस यही कोशिश कर रही है कि सागर रक्षक दल तैयार किए जाएं। जानकारी के मुताबिक, अब तक करीब १,२४६ नए सदस्य वॉलंटियर्स के रूप में जोड़े गए हैं। यह एक कम्युनिटी-बेस्ड वॉलंटियर फोर्स है, जो समुद्र तट पर पुलिस की ‘आंख और कान’ का काम करेगी। ग्रुप में अब कुल ३,१५६ लोग हैं, जिनमें मछुआरे, समुद्र किनारे रहने वाले लोग और पैसेंजर बोट ऑपरेटर शामिल हैं।
तटीय निगरानी आवश्यक
२६/११ के आतंकी हमलों के बाद, अधिकारियों द्वारा तटीय निगरानी को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पुलिस कर्मियों की कमी के चलते वॉलंटियर्स के जरिए तुरंत अलर्ट पाने के लिए एक कम्युनिटी नेटवर्क बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसलिए मुंबई पुलिस कमिश्नरेट के तहत आने वाले सभी तटीय पुलिस स्टेशनों को नए सदस्यों को एनरोल करने का निर्देश दिया गया है। स्पेशल मेंबरशिप वैंâपेन के जरिए बिन पगारी फुल अधिकारी फोर्स को मजबूत बनाया जा रहा है।
