सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के ओजस्वी और प्रखर विचारों से प्रेरित होकर १९ जून १९६६ को शिवसेना की स्थापना हुई थी। समाज को उसके अधिकार दिलाने के साथ-साथ महाराष्ट्र की अस्मिता और समस्त हिंदू समाज के स्वाभिमान को जागृत करने वाली शिवसेना इस वर्ष अपने ६० वर्ष पूरे कर रही है। शिवसेना का हीरक महोत्सव जयंती वर्ष समारोह १९ जून को माटुंगा स्थित षण्मुखानंद सभागृह में शाम ५ बजे भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे का विशेष मार्गदर्शन और जोरदार संबोधन होगा। वर्तमान में देश का राजनीतिक माहौल अस्थिर बना हुआ है। महाराष्ट्र में सरकार के कामकाज को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में भी सत्ताधारी दलों पर कथित अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। ऐसे माहौल में आयोजित होने वाले इस समारोह में उद्धव ठाकरे क्या मार्गदर्शन करेंगे, कौन-सी राजनीतिक रणनीति पर बात करेंगे और शिवसैनिकों को क्या संदेश देंगे, इस पर महाराष्ट्र सहित पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।
प्रबोधन और मनोरंजन का अनूठा संगम
इस वर्ष का वर्धापन दिवस समारोह केवल राजनीतिक विचार-मंथन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रबोधन और मनोरंजन का भी अनूठा संगम होगा। कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर अपनी धारदार और जनजागृति करने वाली कविताओं के लिए प्रसिद्ध कवि नितीन चंदनशिवे अपनी ओजस्वी कविताओं की प्रस्तुति देंगे।
