मुख्यपृष्ठनए समाचारआंदोलन का चौथा दिन...रोहित पवार की तबीयत बिगड़ी

आंदोलन का चौथा दिन…रोहित पवार की तबीयत बिगड़ी

-सलाईन चढ़वाने से किया इनकार

-पूरा परिवार आंदोलन स्थल पर मौजूद

सामना संवाददाता / मुंबई

बिना किसी शर्त के सभी किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया जाए, इस मांग को लेकर विधायक रोहित पवार ने पंढरपुर में जो अनशन शुरू किया है, उसका कल चौथा दिन था। कल भी सरकार की ओर से मांगों पर कोई समाधान नहीं निकला। लगातार अनशन करने के कारण रोहित पवार की तबीयत बिगड़ गई है। इसके बावजूद वे अपने आंदोलन पर अडिग हैं। रोहित पवार ने सरकार को चेतावनी दी है कि कल से श्री विठ्ठल मंदिर के सामने स्थित नामदेव पायरी पर आंदोलन किया जाएगा।
आंदोलन के तीसरे दिन विधायक पवार का रक्तचाप और ग्लूकोज का स्तर कम हो गया है। कमजोरी बढ़ने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें सलाईन चढ़ाने की सलाह दी। लेकिन विधायक पवार ने सलाईन लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि सरकार की ओर से मंत्री गिरीश महाजन बातचीत के लिए आंदोलन स्थल पर आने वाले हैं। उनके आने के बाद ही सलाईन लेने पर विचार करेंगे।
राष्ट्रीय समाज पक्ष के अध्यक्ष महादेव जानकर ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। उन्होंने मांग की कि सरकार बिना किसी शर्त के सभी किसानों की कर्जमाफी की घोषणा करे। इसके अलावा शेतकरी कामगार पक्ष के नेता भाई जयंत पाटील, सांसद बजरंग सोनवणे, सांसद नीलेश लंके, विधायक सुनील भुसारा और भावना घाणेकर ने भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया।
पत्नी-बच्चों सहित पूरा परिवार भावुक
किसानों की बिना शर्त कर्जमाफी की मांग को लेकर विधायक रोहित पवार ने १२ जून से पंढरपुर में अनशन शुरू किया है। आंदोलन के चार दिन बीत चुके हैं और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी है।
आंदोलन के पहले दिन से ही रोहित पवार के पिता राजेंद्र पवार आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं। कल उनका पूरा परिवार आंदोलन स्थल पर पहुंचा। पिता राजेंद्र पवार, माता सुनंदा पवार, पत्नी कुंती पवार, बच्चे शिवांश और आनंदिता, रोहित पवार की हालत देखकर भावुक हो गए। अपने पिता का सूखा और कमजोर चेहरा देखकर रोहित पवार के बच्चों की आंखों में आंसू आ गए। बच्चों की आंखों में आंसू देखकर रोहित पवार भी भावुक हो गए। उन्होंने बच्चों का हाथ पकड़कर उन्हें हिम्मत देने की कोशिश की। यह दृश्य देखकर आंदोलन स्थल पर मौजूद आंदोलनकारियों की आंखें भी नम हो गर्इं।

अन्य समाचार