सोम प्रकाश / मुंबई
हाल ही में इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा में नजर आईं अंजना सुखानी ने बताया कि उन्हें यह किरदार कैसे मिला। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसी बीच अभिनेत्री ने अपने इस खास सफर को याद किया।
अंजना कहती हैं, “कितने कलाकार यह कह सकते हैं कि वे इम्तियाज अली की फिल्म का हिस्सा हैं?” उन्होंने बताया कि उनकी शुरुआत एक फोन कॉल से हुई, जिसमें उन्हें इम्तियाज अली से मिलने के लिए बुलाया गया था। “वह मुझे कैमरे पर देखना चाहते थे,” अंजना याद करते हुए कहती हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले इम्तियाज़ अली ने उनसे एक परिचय वीडियो भेजने के लिए कहा था। “जब मैं उनके ऑफिस में उनसे मिली, तो शायद उन्होंने मुझमें मेहर को देख लिया। उन्होंने मुझे किरदार के बारे में बताया और मेरे मन में कोई सवाल ही नहीं था। मैं इम्तियाज अली को ना कहने वाली कौन होती?” वह हंसते हुए कहती हैं।
बातचीत के दौरान अंजना को एहसास हुआ कि उनका किरदार मेहर, जब वी मेट की गीत से काफी मिलता-जुलता है। “गीत की तरह मेहर भी बिना किसी झिझक के अपनी बात कह देती है। मुझे लगता है कि इम्तियाज़ अली के सभी महिला किरदार समझदार होते हैं, लेकिन उनमें एक बचपन जैसी मासूमियत भी होती है। मेहर अक्सर गलत समय पर ऐसी बातें कह देती है, जो नहीं कहनी चाहिए, लेकिन यही बात उसे प्यारा और दिलचस्प बनाती है,” अंजना बताती हैं।
अंजना ने दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा, “जब भी मैं उनके साथ कोई दृश्य करती थी, उनकी अदाकारी देखकर मेरी आंखें भर आती थीं। उन्हें अभिनय करते हुए देखना अपने आप में एक सीख है।”
अपने सह-कलाकार दिलजीत दोसांझ की तारीफ करते हुए अंजना ने कहा, “दिलजीत अपने काम के प्रति बेहद ईमानदार और समर्पित हैं। उन्हें सभी कलाकारों के संवाद याद रहते हैं। अगर मैं कभी अपना संवाद भूल जाती थी, तो वह मुझे मेरी लाइन याद दिला देते थे।”
मैं वापस आऊंगा में अंजना सुखानी ने दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी के साथ मिलकर फिल्म की दुनिया को और मजबूत बनाया है। फिल्म और कलाकारों के अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। अपनी भावनात्मक कहानी और दिल को छू लेने वाले अंदाज के कारण मैं वापस आऊंगा दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाने में सफल रही है।
