-शिवसैनिकों के प्रयासों से दुर्घटनाग्रस्त युवक के हॉस्पिटल बिल में 4 लाख रुपयों की भारी छूट
सामना संवाददाता / पुणे
हड़पसर में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए घोरपड़ी गांव के 22 वर्षीय युवक ओम परदेशी के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के शिवसैनिक संकटमोचक बनकर सामने आए हैं। पार्टी पदाधिकारियों के विशेष प्रयासों के कारण निजी अस्पताल ने मरीज के कुल बिल में से 4 लाख रुपये माफ कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घोरपड़ी गांव के रहनेवाले ओम परदेशी (उम्र 22 वर्ष) का हडपसर में एक्सीडेंट हो गया था। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए पास के नोबेल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनका उपचार चला, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने कुल 6,50,000 रुपए का मेडिकल बिल परिजनों को सौंपा। इतनी बड़ी रकम देखकर मध्यमवर्गीय परिवार बेहद संकट में आ गया। मरीज के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शिवसेना के स्थानीय नेताओं ने तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप किया। शिवसेना पदाधिकारियों ने नोबेल हॉस्पिटल के प्रबंधन से चर्चा की और बिल कम करने का अनुरोध किया। शिवसेना के इस प्रभावी प्रयास के बाद, अस्पताल प्रशासन ने 6,50,000 रुपए के कुल बिल में से 4 लाख रुपये कम कर दिए।
इस पर मरीज के परिजनों ने युवासेना और शिवसेना के इस कार्य की सराहना की है। युवासेना महाराष्ट्र राज्य विस्तारक सनी गवते, शिवसेना उपविभागप्रमुख विजय पालवे, बालासाहेब मोडक और सनी गायकवाड द्वारा समय पर मिली इस बड़ी आर्थिक मदद और सहयोग के बाद ओम परदेशी के परिजनों ने भावुक होते हुए शिवसेना के सभी पदाधिकारियों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
