मुख्यपृष्ठसमाचारअग्निशमन मॉकड्रिल प्रशिक्षण का आयोजन किलकारी में

अग्निशमन मॉकड्रिल प्रशिक्षण का आयोजन किलकारी में

अनिल मिश्र / पटना

किलकारी बिहार बाल भवन, गेवाल बिगहा में रविवार को दोपहर 2 बजे अग्निशमन मॉकड्रिल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों एवं प्रतिभागियों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बचाव, प्राथमिक उपचार तथा आपदा प्रबंधन की जानकारी देना था।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन से जुड़े विशेषज्ञों ने आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग की जानकारी दी। प्रतिभागियों को मॉकड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी एवं त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास भी कराया गया।
इस कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, प्रशिक्षकों, सुरक्षा गार्डों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
वहीं, किलकारी बिहार बाल भवन के प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इसकी जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वह आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा कर सके।
किलकारी प्रमंडल संसाधन सेवी सोनम कुमारी ने बताया कि ऐसी मॉकड्रिल लोगों में जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं के समय सही निर्णय लेने में सहायक होती है। बच्चों को व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना संस्था की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से आग से सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया।
इस दौरान किलकारी के सभी कर्मी, प्रमंडल संसाधन सेवी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी एवं सहायक लेखा पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही सब ऑफिसर जयप्रकाश सिंह, प्रधान अग्निक धर्मेंद्र पासवान, अग्नि चालक शिव शंकर कुमार, ऑफिसर अमरनाथ कुमार, अग्नि चालक राजेश रंजन, शिवेश कुमार, अग्नि कर्मी नीलम कुमारी और राजू सिंह भी मौजूद थे।
“सजग रहें, सुरक्षित रहें, जीवन बचाएं” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

अन्य समाचार

इन दिनों