अनिल मिश्र / रांची
राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा के खेमे में मची बेचैनी, असंतोष और अविश्वास अब खुलकर सामने आने लगा है, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट, मजबूत और आत्मविश्वास से लबालब भरा हुआ है। राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित है।
विजय शंकर नायक ने कहा कि भाजपा का पूरा राजनीतिक अभियान आज असमंजस, अविश्वास और अंदरूनी खींचतान का शिकार हो चुका है। मीडिया में लगातार ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि भाजपा के कई विधायक पार्टी की रणनीति और फैसलों से संतुष्ट नहीं हैं। बैठकों में अनुपस्थिति और संगठन के भीतर बढ़ती बेचैनी यह संकेत दे रही है कि भाजपा अपने घर को भी संभाल पाने में असफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए लगातार कवायद कर रही हो, वह दूसरों को राजनीतिक स्थिरता का पाठ पढ़ाने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि आखिर उसके विधायकों को चुनाव तक एक होटल में साथ रखने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? यदि भाजपा नेतृत्व को अपने विधायकों पर पूरा भरोसा है, तो फिर ऐसी व्यवस्थाओं की जरूरत क्यों महसूस हो रही है? यह स्थिति स्वयं भाजपा के भीतर व्याप्त असुरक्षा, अविश्वास और राजनीतिक घबराहट को उजागर करती है।
यह बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कही।
वहीं, विजय शंकर नायक ने कहा कि दूसरी ओर इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और झारखंड के हितों की रक्षा के साझा संकल्प के साथ मजबूती से खड़े हैं। गठबंधन के विधायक किसी दबाव, प्रलोभन या साजिश के आगे झुकने वाले नहीं हैं। भाजपा द्वारा भ्रम फैलाने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की हर कोशिश पहले भी विफल हुई है और इस बार भी विफल होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी ऊर्जा जोड़-तोड़, प्रबंधन और सत्ता बचाने की राजनीति में लगा रही है, यदि उतनी ऊर्जा महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और झारखंड के विकास में लगाती, तो आज उसे अपने ही विधायकों के असंतोष और अविश्वास का सामना नहीं करना पड़ता।
विजय शंकर नायक ने कहा कि झारखंड की जनता सब कुछ देख रही है। एक तरफ इंडिया गठबंधन की चट्टानी एकजुटता है, तो दूसरी तरफ भाजपा के भीतर बढ़ता असंतोष और नेतृत्व पर उठ रहे सवाल हैं। राज्यसभा चुनाव का परिणाम यह साबित करेगा कि झारखंड की राजनीति खरीद-फरोख्त, दबाव और साजिश से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों से संचालित होती है।
उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित है और यह चुनाव भाजपा के अहंकार, झारखंड विरोधी सोच तथा उसके अंदरूनी बिखराव पर जनता की लोकतांत्रिक मुहर साबित होगा।
