मुख्यपृष्ठअपराधगया के लुटुआ में भारी संख्या में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद

गया के लुटुआ में भारी संख्या में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश सहित पूरे देश को नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है, वहीं कभी नक्सल प्रभावित रहे बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत लुटुआ थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को विशेष सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन (SADO) चलाकर हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इस संबंध में सुरक्षा बलों का मानना है कि नक्सलियों ने इन सामग्रियों को जंगल में छिपाकर रखा था, जिनका उपयोग भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 47वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट अवधेश कुमार के निर्देशन में डी/47 बटालियन सोनदाहा के सहायक कमांडेंट राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में CRPF जवानों और लुटुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह लुटुआ थाना क्षेत्र के डुमरी गांव से करीब 1.5 किलोमीटर पश्चिम स्थित जंगल क्षेत्र में सर्च एंड डिस्ट्रॉय अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को संदिग्ध स्थान से बड़ी मात्रा में हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद हुई। बरामद सामानों में एक भरमार बंदूक, AK-47 के पांच जिंदा कारतूस, AK-47 का एक खाली खोखा, एसएलआर के दो जिंदा कारतूस, एसएलआर का एक खाली खोखा, एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 12 वोल्ट की एक बैटरी, हथियारों की सफाई में प्रयुक्त एसएलआर पुल-थ्रू के पांच उपकरण तथा करीब 20 मीटर इलेक्ट्रिक वायर शामिल हैं। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, लगातार चलाए जा रहे सघन अभियान और सुरक्षा बलों की बढ़ती दबिश के कारण नक्सली संगठन कमजोर पड़ते जा रहे हैं। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में बरामद सामग्री से यह संकेत मिलता है कि असामाजिक तत्वों अथवा नक्सलियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री को जंगल में छिपाकर रखा था।

अन्य समाचार

इन दिनों