जेदवी / मुंबई
-पुणे से शिर्डी के बीच ट्रेन सेवा हुई शुरू
-वर्षों पुरानी साई भक्तों की मांग पूरी
साई भक्तों और यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग को आखिरकार केंद्र सरकार झुकी और मंजूरी दे दी है। हालांकि सवाल यह है कि पुणे और शिर्डी जैसे दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने में रेलवे को इतना लंबा इंतजार क्यों करना पड़ा? आज रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पुणे रेलवे स्टेशन से पुणे–साईनगर शिर्डी दैनिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
रेलवे के अनुसार, यह पुणे से शिर्डी के बीच चलने वाली पहली सीधी ट्रेन होगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राहत मिलेगी, लेकिन स्थानीय यात्रियों का कहना है कि जिस सुविधा की मांग वर्षों से की जा रही थी, उसे अब उपलब्ध कराना कोई बड़ी उपलब्धि नहीं बल्कि रेलवे द्वारा देरी से लिया गया फैसला है।
लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा सीधा संपर्क
अहिल्यानगर जिले में स्थित शिर्डी देश के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु साईबाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अब तक पुणे से आने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा नहीं मिलने के कारण उन्हें बसों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता था। रेलवे का दावा है कि नई सेवा वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों और समूह यात्रियों के लिए सुरक्षित, किफायती और आरामदायक यात्रा का विकल्प बनेगी तथा बुजुर्ग श्रद्धालुओं की यात्रा संबंधी परेशानियां कम होंगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार को बढ़ावा देने का दावा
रेल प्रशासन के मुताबिक, यह ट्रेन शिर्डी और अहिल्यानगर क्षेत्र के नागरिकों को पुणे की शैक्षणिक और चिकित्सा सुविधाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराएगी। साथ ही पर्यटन बढ़ने से होटल, टैक्सी और स्थानीय व्यापार को भी लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन का ठहराव दौंड कॉर्ड केबिन, श्रीगोंडा, अहिल्यानगर, राहुरी और बेलापुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा।
