मुख्यपृष्ठनए समाचारशिवसैनिकों का ट्रैक्टर मार्च, कलेक्टर कार्यालय घेरा

शिवसैनिकों का ट्रैक्टर मार्च, कलेक्टर कार्यालय घेरा

-कर्जमाफी की शर्तों पर भड़के शिवसैनिक

-फडणवीस सरकार पर जुमलेबाजी का आरोप

सामना संवाददाता / बीड

महायुति सरकार की कर्जमाफी योजना में लगाई गई शर्तों के खिलाफ मंगलवार को बीड में शिवसैनिकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। शिवसेना के नेतृत्व में सैकड़ों शिवसैनिकों ने ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और हाथों में तख्तियां लेकर कर्जमाफी के नाम पर किसानों के साथ कथित धोखे का आरोप लगाया।
शिवसेना के जिलाप्रमुख गणेश वरेकर के नेतृत्व में निकाले गए इस ट्रैक्टर मार्च में बड़ी संख्या में शिवसैनिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सरकार ने कर्जमाफी का एलान तो बड़े जोर-शोर से किया, लेकिन उसमें ऐसी जटिल और अजीबोगरीब शर्तें जोड़ दी गर्इं कि अधिकांश किसानों को उसका लाभ ही नहीं मिल पा रहा है।
शिवसेना नेता अंबादास दानवे के निर्देश और संपर्कप्रमुख परशुराम जाधव के मार्गदर्शन में निकाले गए इस मार्च के दौरान जिलाप्रमुख गणेश वरेकर ने फडणवीस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि घोषणाओं की बारिश और बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई सरकार अब किसानों को गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल जुमलेबाजी कर रही है और किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है।
वरेकर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यकाल की तरह किसानों को बिना जटिल शर्तों वाली प्रभावी कर्जमाफी नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिवसेना किसानों के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर तालुकाप्रमुख गोरख सिंगण, उपजिलाप्रमुख हनुमान जगताप, जिला संगठक रतन गुजर, सहकार सेना के जिलाप्रमुख गणेश जाधव और पूर्व तालुकाप्रमुख मदन परदेशी सहित कई पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित किया। आंदोलन में बड़ी संख्या में शिवसैनिक और किसान मौजूद रहे।
शिवसेनापक्षप्रमुख मॉडल की कर्जमाफी की मांग
शिवसेना नेताओं ने मांग की कि किसानों को तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यकाल की तरह बिना जटिल शर्तों वाली प्रभावी कर्जमाफी दी जाए। जिलाप्रमुख गणेश वरेकर ने चेतावनी दी कि किसानों के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

अन्य समाचार