मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा में अंदरूनी टकराव...मंदा म्हात्रे का हो रहा है उत्पीड़न!

भाजपा में अंदरूनी टकराव…मंदा म्हात्रे का हो रहा है उत्पीड़न!

-महिला विधायक ने की फडणवीस से शिकायत

सामना संवाददाता / मुंबई

नई मुंबई भाजपा में लंबे समय से चल रहा अंदरूनी विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। भाजपा विधायक मंदा म्हात्रे ने वन मंत्री गणेश नाईक और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से शिकायत की है।
नए अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र पर मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम नहीं होने को लेकर पहले ही नाराजगी जताई जा चुकी थी। मंदा म्हात्रे ने इसे शिंदे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का अपमान बताया था। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मंदा म्हात्रे ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह में गणेश नाईक के समर्थक नगरसेवकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और कार्यक्रम स्थल पर उन्हें सम्मानजनक स्थान तक नहीं दिया गया। म्हात्रे ने कहा कि मैं उद्घाटन के पहले चरण में फीता काटने के दौरान मौजूद थी, लेकिन बाद के कार्यक्रम से मुझे निकलना पड़ा। वहां जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने यह भी कहा कि यह विवाद नया नहीं है।
‘मेरे साथ लगातार अन्याय’
‘मैंने १७ वर्षों तक राष्ट्रवादी कांग्रेस में ईमानदारी से काम किया। महाराष्ट्र की पहली महिला प्रदेशाध्यक्ष के रूप में पार्टी को मजबूत किया, लेकिन गणेश नाईक के पार्टी में आने के बाद मेरे साथ लगातार अन्याय होने लगा। उसी वजह से मुझे पार्टी छोड़नी पड़ी।
मुख्यमंत्री पर निगाहें
नई मुंबई भाजपा में बढ़ती खींचतान और दो वरिष्ठ नेताओं के बीच सार्वजनिक रूप से सामने आए इस टकराव ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री फडणवीस की प्रतिक्रिया और पार्टी नेतृत्व की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

अन्य समाचार