मुख्यपृष्ठनए समाचारविधान परिषद चुनाव में हमें दिया वोट तो फंड मिलेगा भरपूर!

विधान परिषद चुनाव में हमें दिया वोट तो फंड मिलेगा भरपूर!

-मंत्री गिरीश महाजन ने नगरसेवकों को दिया प्रलोभन

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र विधान परिषद के स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव से पहले महायुति की संयुक्त बैठक में मंत्री गिरीश महाजन के एक बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। महाजन ने सार्वजनिक मंच से कहा कि महायुति उम्मीदवार को वोट देने वाले नगरसेवकों को भविष्य में सरकार और जिला नियोजन समिति के माध्यम से भरपूर विकास फंड उपलब्ध कराया जाएगा।
महाजन के इस बयान के बाद विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषकों ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उनहोंने साफ कहा कि आचार संहिता लागू रहने के दौरान मतदाताओं को विकास फंड का आश्वासन देना क्या चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास नहीं माना जाएगा?
जलगांव में महायुति के संयुक्त सम्मेलन में स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए महाजन ने संकेत दिया कि जो नगरसेवक महायुति उम्मीदवार के साथ खड़े रहेंगे, उन्हें विकास कार्यों के लिए पर्याप्त सरकारी सहायता और निधि मिलेगी। उनके इस बयान को अब राजनीतिक गलियारों में ‘वोट के बदले विकास निधि’ के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
लोकतांत्रिक भावना के खिलाफ
मंत्री गिरीश महाजन के बयान पर चुनावी माहौल में राजनीतिक विरोधियों का आरोप है कि चुनाव से ठीक पहले नगरसेवकों को सरकारी निधि का लालच दिखाना लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव की भावना के विपरीत है।

अन्य समाचार