अमिताभ श्रीवास्तव
विश्व कप में अपनी पहली हैट्रिक के साथ लियोनल मेस्सी ने दमदार आगाज किया है। वो सबसे ज्यादा गोल मारने के मामले में भी आगे निकल जाने वाले हैं। अब तक के विश्व कप में मेस्सी ने १६ गोल बनाए हैं। अपने जादुई खेल से कल अल्जीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना को ३-० से जीत दिलवाने वाले मेस्सी की इस हैट्रिक का भी एक राज है। यदि टीम में मेस्सी नहीं होते तो अर्जेंटीना की टीम अल्जीरिया को हरा नहीं पाती और मैच ड्रा हो सकता था, क्योंकि जिस आक्रामकता का प्रदर्शन अर्जेंटीना खेल में दिखाता है वो बिल्कुल नदारद था। केवल डिफेंस ही करता दिखाई दिया। मेस्सी ही अकेला ऐसा खिलाड़ी रहा जिन्होंने तीन दनादन गोल मारे। अब बात करें मेस्सी के गोलों के राज की तो पूरे मैच में ऐसा लगा जैसे टीम केवल मेस्सी के रिकॉर्ड के लिए खेल रही है। टीम मेस्सी को ही गोल करने के चांस बनाती दिखाई दी और मेस्सी ने अवसर नहीं चूके। अर्जेंटीना की टीम अल्जीरिया के अपने पहले मुकाबले से ही मेस्सी को दुनिया का पहला खिलाड़ी बना देना चाहती है, ताकि उनका लगभग आखिरी विश्व कप यादगार बनाया जा सके। मगर अर्जेंटीना के लिए आगे आने वाले मैचों में ऐसा करना भारी पड़ सकता है, क्योंकि विश्व विजेता टीम की तरह वह अपना पहला मैच खेलते हुए नहीं दिखी। अकेले मेस्सी के दम पर वो यदि आगे बढ़ना चाहेगी तो संभव है नॉक आउट राउंड में ही बाहर हो सकती है।
ब्राजील निराश, नेमार बाहर
पांच बार की विश्व कप विजेता टीम ब्राजील तब पूरी तरह निराश नजर आई जब उसका बेहतरीन खिलाड़ी नेमार जूनियर अपनी चोट की वजह से आगे के मैच भी नहीं खेल सकेगा। ब्राजील ने अपना पहला मैच ड्रा खेला था और उसे नेमार की कमी खली थी। कल नेमार ने अपनी चोटिल दाहिने पैर की मांसपेशी पर जब नए टेस्ट कराए तो उसके नतीजे निराशाजनक बताए गए। यानी अब रिकवरी के टाइमलाइन को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। मोरक्को के खिलाफ ड्रॉ मिस करने के बाद वह पूरे ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए हैं और यह संभावना कम है कि वह ब्राजील के आने वाले हैती और स्कॉटलैंड के मैचों में खेलें। ब्राजील इस संभावना की तैयारी कर रहा है कि वह पूरे ग्रुप स्टेज को मिस कर सकते हैं, क्योंकि मेडिकल स्टाफ यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि वह वापस आने से पहले पूरी तरह फिट हों। यदि ब्राजील के पास नेमार नहीं है तो समझा जा सकता है कि आने वाले मैचों में उसके तरकस का यह ब्रह्मास्त्र नहीं रहेगा। फिलहाल, नेमार के टीम से बाहर हो जाने तक की अटकलें लगाई जा रही है।
