राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर के लालापुर थाना क्षेत्र के घूरपुर-प्रतापपुर मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद सुपारी बाग, सेमरी गांव के समीप बोलेरो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान लालापुर थाना क्षेत्र के पंडुआ गांव निवासी 26 वर्षीय गुड्डू उर्फ विजय, पुत्र रामनगीना, के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल बृजेश, पुत्र सुखराम, को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और बोलेरो दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि गुड्डू उर्फ विजय की बहन की शादी आगामी 21 जून को तय है। शादी की तैयारियों के सिलसिले में वह अपने साथी बृजेश के साथ निकला था, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लालापुर पुलिस का कहना है कि फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है। वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
