मुख्यपृष्ठसमाचारअमेठी बेसिक शिक्षा घोटाले में सीबीआई का छापा, भ्रष्टाचार की रकम का...

अमेठी बेसिक शिक्षा घोटाले में सीबीआई का छापा, भ्रष्टाचार की रकम का निवेश अयोध्या में भी!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय में कर्मचारियों के देयों, जीपीएफ आदि की 4 करोड़ रुपये की धनराशि को दूसरे खातों में स्थानांतरित कर गबन करने के मामले में सीबीआई ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के चार जिलों में एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच की टीमों ने अमेठी, लखनऊ, कुशीनगर और प्रतापगढ़ में आरोपियों के ठिकानों को खंगाला, जहां से कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
सीबीआई, लखनऊ की डीआईजी शिवानी तिवारी के निर्देश पर एडिशनल एसपी एवं जांच अधिकारी रानू चौधरी के नेतृत्व में टीमें पुलिस बल के साथ देर शाम तक आरोपियों के ठिकानों की तलाशी लेती रहीं। अब तक की छानबीन में गबन किए गए सरकारी धन के निवेश और इस्तेमाल से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ डिजिटल डिवाइस भी जब्त की गई हैं।
इस प्रकरण को लेकर अमेठी के गौरीगंज थाने में 21 मार्च को बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने बीती 25 मई को एक रिट याचिका की सुनवाई के दौरान इस प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था। इसके बाद सीबीआई ने अमेठी पुलिस में दर्ज एफआईआर को टेकओवर करते हुए सभी आरोपियों की फेहरिस्त तैयार की और बुधवार को एक साथ उनके ठिकानों पर छापेमारी की।
पुलिस में दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि बेसिक शिक्षा विभाग में जूनियर अकाउंटेंट मनोज कुमार मालवीय ने अन्य लोगों की मिलीभगत से आपराधिक साजिश रची और सरकारी खजाने से अलग-अलग बैंक खातों में गैरकानूनी तरीके से करीब 4 करोड़ रुपये की धनराशि ट्रांसफर कराकर सरकारी धन का गबन किया।
सीबीआई ने अपनी एफआईआर में मनोज कुमार मालवीय के साथ ब्लॉक क्वालिटी कोऑर्डिनेटर अभिषेक सिंह, ब्लॉक एमआईएस कोऑर्डिनेटर शिवम कुमार पांडेय, अमेठी के जगदीशपुर स्थित प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर श्रवण कुमार द्विवेदी और गौरीगंज के प्राइमरी स्कूल के असिस्टेंट टीचर शैलेश चंद्र शुक्ला को नामजद किया है। साथ ही उनके ठिकानों की भी तलाशी ली गई है।
सीबीआई ने लखनऊ में आरोपी मनोज कुमार मालवीय के चिनहट स्थित आवास समेत तीन स्थानों पर छापा मारा। इसी तरह अयोध्या के कोतवाली नगर क्षेत्र में पवन कुमार मालवीय, अमेठी में शिवम पांडेय और मनोज मालवीय के यहां भी छापेमारी की गई।
छापों के दौरान आरोपियों के आलीशान घर देखकर सीबीआई के अधिकारी भी दंग रह गए। चिनहट स्थित मनोज मालवीय के आवास पर पहुंची टीम को प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर निवेश के सुराग मिले। अमेठी और अयोध्या में भी आरोपियों द्वारा गबन की गई रकम को संपत्तियों में निवेश किए जाने के संबंध में सीबीआई ने अहम प्रमाण जुटाए हैं। इन सभी से सीबीआई जल्द पूछताछ करेगी।

अन्य समाचार