राजेश सरकार / प्रयागराज
बारा थाना क्षेत्र के सिरवैया गांव में धान की बेहन बकरियों द्वारा चर लिए जाने के विवाद में दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और कटवासे से हमला किया, जिससे एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित अनिल सोनकर, पुत्र राजकुमार सोनकर, ने बारा थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। तहरीर में बताया गया है कि बुधवार को पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने अनिल के पिता राजकुमार सोनकर के सिर पर कुल्हाड़ी और कटवासे से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। इसके बाद भी हमलावर उन पर लाठियां बरसाते रहे। पति को बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी सुधा देवी को भी पीटकर घायल कर दिया गया।
माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे अनिल कुमार और उनकी बहन को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीटा। हमले में चारों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसरा भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने राजकुमार सोनकर और सुधा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
