-भाजपा नेताओं को नहीं सूझ रहा जवाब
-यूपी के प्रदेश महामंत्री राजा बाबू और सांसद संगीता यादव ने कहा – कोई भी आरोपी बचेगा नहीं, सभी पर कार्रवाई होगी
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। राम मंदिर में करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी को लेकर सत्ता, सरकार और भाजपा संगठन सकते में आ गए हैं। भाजपा नेताओं को आमजन के बीच इसका जवाब नहीं सूझ रहा है। बुधवार को अवध के सुल्तानपुर जिले में पार्टी संगठन के मोदी गुणगान सम्मेलन में पहुंचे उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ‘राजा बाबू’ और राज्यसभा सदस्य संगीता यादव मीडिया के सामने इस मुद्दे पर रक्षात्मक मुद्रा में नजर आए।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद सांसद संगीता यादव ने कहा, “विपक्ष के आरोपों का हमें कोई जवाब नहीं देना है, क्योंकि हमारे पास करने के लिए बहुत से काम हैं और हम काम कर रहे हैं। प्रकरण की जांच हो रही है। उसमें कुछ भी निकलता है तो आरोपी दंडित किए जाएंगे। इसमें कहने वाली कोई बात नहीं है।”
वहीं, अयोध्या पुलिस को चढ़ावे की चोरी को लेकर तीन तहरीरें मिलने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैं अभी तुरंत यह कहने नहीं लग जाऊंगी कि यहां चोरी हुई है। उसके पहले भी कुछ प्रक्रियाएं होती हैं। साक्ष्य इकट्ठे किए जाते हैं। अभी एसआईटी जांच चल रही है। किसी को बचाया नहीं जा रहा है। किसी को भी नहीं बचाया जाएगा और क्यों बचाया जाएगा।”
इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी भी मौजूद रहे।
