मुख्यपृष्ठसमाचारआरे के जंगल में मिली पेड़ से लटकती लाश!

आरे के जंगल में मिली पेड़ से लटकती लाश!

-बेरोजगारी का शिकार बना युवा

-जांच में जुटी पुलिस, इलाके में हड़कंप

जेदवी / मुंबई

गोरेगांव-पूर्व स्थित आरे कॉलोनी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक बेरोजगार युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आरे कॉलोनी के यूनिट नंबर ३२ स्थित जंगल क्षेत्र में मंगलवार की सुबह २५ वर्षीय एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर पैâलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
भाई ने की शव की शिनाख्त
मृतक की पहचान संतोष गोपाल दास (२५) के रूप में हुई है। उसके भाई सागर गोपाल दास ने शव की पहचान की। सूचना मिलते ही आरे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, यह कदम संतोष ने किन परिस्थितियों में उठाया या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी जांच अभी जारी है।
बेरोजगार था संतोष
देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का संकट अब युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। रोजगार के अवसर लगातार घटने और आर्थिक दबाव बढ़ने के बीच युवा वर्ग मानसिक तनाव से जूझ रहा है। संतोष पिछले कुछ समय से बेरोजगार था। ऐसे में उसकी मौत ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और उससे पैदा हो रहे मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति, मानसिक तनाव और अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
जंगल क्षेत्र में युवक का शव मिलने से स्थानीय निवासी भी सकते में हैं। उनका कहना है कि आरे के जंगल क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। यदि क्षेत्र में पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था होती तो शायद ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल आरे पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

अन्य समाचार