-लालची ने खुद रची अपनी डकैती की साजिश…
-पुलिस ने किया भंडाफोड़, ६० लाख का माल बरामद
द्रुप्ति झा / मुंबई
एमआईडीसी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आभूषण कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद ही अपनी डकैती की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के पास से ६०.६५ लाख रुपए के चोरी हुए आभूषण और कीमती सामान बरामद कर लिए।
एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र वाणी के अनुसार, आरोपी एक प्रतिष्ठित आभूषण निर्माण कंपनी में काम करता था। उसे कंपनी की ओर से लाखों रुपए के कीमती आभूषण पहुंचाने और लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोपी के मन में लालच आ गया और उसने इन कीमती सामानों को हड़पने के लिए एक साजिश रची। आरोपी ने पुलिस को सूचना दी कि जब वह रास्ते में था, तब कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे रोका, डराया-धमकाया और उसके पास मौजूद ६०.६५ लाख रुपए के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जब पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के बयानों की कड़ाई से जांच की तो उसकी कहानी में कई विसंगतियां पाई गईं। जांच में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छुपाकर रखे गए कीमती सामान को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी, पुलिस को गुमराह करने और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उक्त मामला वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र वाणी के मार्ग दर्शन में सुलझाया गया।
