राजेश सरकार / प्रयागराज
पति के बाहर रहने पर उसकी पत्नी को ससुराल में प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। कौंधियारा थाने में पीड़िता ने ससुराल पक्ष के विरुद्ध तहरीर दी है। तहरीर के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौंधियारा थाना क्षेत्र के बेनीपुर ग्राम सभा के मजरा नेगुड़ा गांव निवासी गुड़िया देवी ने अपने ही परिवार के लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। गुड़िया देवी पत्नी बैजू शर्मा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति बैजू शर्मा रोजगार के लिए मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। आरोप है कि पति के बाहर रहने का फायदा उठाकर परिवार के कुछ सदस्य उन्हें आए दिन मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। पीड़िता के अनुसार, घरेलू विवाद को लेकर उसके साथ अभद्रता की जाती है और विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है। महिला ने आरोप लगाया कि दो देवर, देवरानी, जेठ और ससुर द्वारा उसे परेशान किया जा रहा है। महिला का कहना है कि उसके पास घटना से जुड़ा वीडियो भी मौजूद है, जिसे वह पुलिस को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराना चाहती है। पीड़िता ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह डरकर रहने को मजबूर है। इस मामले में कौंधियारा पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
