अनिल मिश्र / रांची
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छावनी परिषद रामगढ़ की ओर से छावनी बैडमिंटन हॉल में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने किया। योग शिविर का शुभारंभ मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर वार्ड नंबर 2 के प्रहरी आरिफ कुरैशी, वार्ड नंबर 6 के प्रहरी धनंजय कुमार पुटुस, योग प्रशिक्षक धर्मवीर तथा अनिल कुमार पासवान ने भी दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में छावनी परिषद के कर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और ग्रामीण भी उपस्थित रहे।मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इस योग शिविर का उद्देश्य केवल लोगों को योग के विभिन्न आसनों, क्रियाओं और प्राणायाम की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि योग को हर घर की नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना भी है। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस अवसर पर नियमित योग करने का संकल्प लेना चाहिए। योग हमारी भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अभिन्न हिस्सा है। यह वर्षों से भारतीय जीवनशैली में रचा-बसा है। स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह न केवल शरीर और मन को स्वस्थ रखता है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा के विकास में भी सहायक होता है। योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रोगों से दूर रखकर उसके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।वही इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग शिविर का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा।
