मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतियोग से मिलती है निरोगी काया, बीमारियों से बचाव का सबसे सरल...

योग से मिलती है निरोगी काया, बीमारियों से बचाव का सबसे सरल उपाय

विश्व योग दिवस पर माहुल स्थित ग्रेस फाउंडेशन निवारा केंद्र में अनाश्रितों को बताए गए स्वस्थ जीवन के मंत्र

रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई

विश्व योग दिवस के अवसर पर माहुल-चेंबूर स्थित ग्रेस फाउंडेशन निवारा केंद्र में रहने वाले अनाश्रितों और मरीजों के लिए विशेष योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आश्रम में निवास कर रहे 81 अनाश्रितों को योग के माध्यम से स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन जीने के गुर सिखाए गए।

कार्यक्रम में नियमित रूप से केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले चिकित्सक डॉ. अक्लेश गौड़ ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम की जानकारी देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शरीर लचीला, मजबूत और ऊर्जावान बना रहता है, वहीं मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिलती है।

डॉ. गौड़ ने कहा कि योग मन को शांति प्रदान करता है और अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उपस्थित लोगों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग से बेहतर कोई विकल्प नहीं है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र मिश्रा, ग्रेस फाउंडेशन के अध्यक्ष शंकर मधुकर मुगलखोड, सचिन नेरुलकर, सुरेश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने विश्व योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य अनाश्रितों और जरूरतमंदों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग के माध्यम से उन्हें बेहतर जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था।

अन्य समाचार