अमिताभ श्रीवास्तव
वैभव सूर्यवंशी उस चक्रव्यूह में फंस चुके हैं जिसमें उनके पहले भी कई प्रतिभावान खिलाड़ी फंस कर पराजित हो चुके हैं।
नाना क्वाकू ने भविष्यवाणी कर दी है कि अर्जेंटीना मुकाबला नहीं जीत पाएगी और विश्व कप से बाहर हो जाएगी।
यह एक टेक्निक है, सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे। जी हां, वैभव सूर्यवंशी के खौफ और उसके बढ़ते कदमों को रोकने तथा उसके करियर को तबाह करने की टेक्निक। टीम में लो और मैदान से दूर रखो। इतनी हाइप देकर नीचे गिरा दो कि उसके अंतर्मन को ठेस पहुंचे, निराशा ऐसी घेर ले कि आत्मविश्वास डगमगा जाए और उसका प्रदर्शन चक्रव्यूह में फंस कर दम तोड़ दे। वैभव सूर्यवंशी उस चक्रव्यूह में फंस चुके हैं जिसमें उनके पहले भी कई प्रतिभावान खिलाड़ी फंस कर पराजित हो चुके हैं। एक उदाहरण अर्जुन तेंदुलकर का है। जिन्हें कवरेज मिली, आईपीएल में मुंबई टीम में सिलेक्शन हुआ और वो पानी पिलाते रहे। आज भी वो अधिकतर पानी पिलाते ही नजर आते हैं। वैभव सूर्यवंशी भी ऐसे ही एक खिलाड़ी साबित हो जाएंगे जिन्हें टीम में तो रखा जाएगा मगर बेंच पर बैठने के लिए। क्योंकि उनकी वजह से उन गुटबाजों के खिलाड़ी चयनित होंगे, डेब्यू करेंगे जिनका प्रभाव है। यानी टेलेंट हार जाएगा, राजनीति जीतेगी। कम उम्र का हवाला देने वाले और सही अवसर आने की बात करने वाले लोग टेलेंट को खत्म करने की साजिश में लिप्त हैं, ऐसा लगता है। आयरलैंड जैसी पिद्दी टीम से दो मैचों की सीरीज में सूपड़ा साफ करा बैठी टीम इंडिया के कोच व कप्तान कैसी भी दलीलें दें, मगर वैभव को टीम में न खिलाने की जो गलती या साजिश उन्होंने रची है, वह साफ दिखाई देती है। वे जिनका डेब्यू हुआ बुरी तरह फेल हुए। वे जिनके कारण वैभव को नहीं रखा गया दोनों मैचों में फेल हुए। आखिर किस मुंह से दलील देंगे टीम प्रशासक? यही चक्रव्यूह है जिसमें वैभव फंस चुके हैं।
नाना ने कर दिया मैसी पर काला जादू
अभी हाल ही में इंग्लैंड बनाम घाना के मैच में अंग्रेज कप्तान हैरी केन पर जादू कर उसके पैर को बांध देने वाले बाबा नाना क्वाकू बोनसम का नाम चर्चा में आया था। अब उसने मैसी पर काला जादू किया है। अंतिम ३२ में मैसी की टीम का मुकाबला अब एकदम नई टीम काबो वर्डे से होना है। मैसी की टीम को आसानी से अंतिम १६ में जगह मिल जाएगी ऐसा माना जा रहा है। काबो वर्डे अप्रत्याशित रूप से अंतिम ३२ में जगह पा चुकी है। नाना क्वाकू ने भविष्यवाणी कर दी है कि अर्जेंटीना मुकाबला नहीं जीत पाएगी और विश्व कप से बाहर हो जाएगी। मैसी पर उसने जादू कर दिया है। क्वाकू ने कहा है कि मैसी कोई गोल नहीं कर पाएगा। ठीक इंग्लैंड के हैरी केन की तरह। उसकी टीम को काबो वर्डे हराकर इतिहास रचेगी। दरअसल, इस नाना क्वाकू की बातों को इसलिए भी सुर्खियां मिलने लगी हैं कि अभी तक उसकी सारी भविष्यवाणी सच निकली है। इस अफ्रीकन बाबा को लोग पॉप स्टार के रूप में भी जानते हैं। जिसके पास अद्भुत शक्तियां हैं। दरअसल, अफ्रीकाई देशो में इस तरह के टोने-टोटके काफी प्रचलित हैं। और क्वाकू जैसे बाबा लोगों का बोलबाला भी खूब है। इसीका फायदा उठाकर वे बड़े मौकों पर अपनी बात कहते हैं और प्रसिद्धि प्राप्त कर लेते हैं। इनकी भविष्यवाणी सच ही निकलती है, ऐसा भी नहीं है। पर बड़े आयोजनों में एकाध बात सही निकल जाती है तो अन्य बातों पर पर्दा पड़ जाता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नाना क्वाकू का काला जादू चलता है या मैसी के पैरों का जादू? चार जुलाई को यह पूरी दुनिया देखेगी।
