मुख्यपृष्ठसमाचारएमपी पुलिस की दबिश से खौफजदा युवक ने दी जान, सुसाइड नोट...

एमपी पुलिस की दबिश से खौफजदा युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

राजेश सरकार / प्रयागराज

मध्य प्रदेश पुलिस की दबिश और लोक-लाज के भय से एक युवक ने फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सनसनीखेज घटना नैनी के जाह्नवीपुरम, लोकपुर इलाके की है। घटना के बाद मृतक के कमरे से परिजनों को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने आत्मघाती कदम उठाने की वजह दर्ज की है। सुसाइड नोट के संबंध में फिलहाल स्थानीय पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्टाग्राम की दोस्ती और 15 लाख का विवाद
मूल रूप से कोरांव थाना क्षेत्र का निवासी अंशुमान प्रताप सिंह (20), पुत्र राजेश्वरी प्रसाद सिंह, यहां जाह्नवीपुरम में रह रहा था। बताया जाता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती मध्य प्रदेश के सागर की रहने वाली एक किशोरी से हुई थी। अंशुमान अक्सर उससे मिलने सागर जाता था। आरोप है कि किशोरी ने अंशुमान को 15 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात रखने के लिए दिए थे। बाद में जब किशोरी ने अपने पैसे और गहने वापस मांगे, तो अंशुमान उन्हें लौटाने से मुकर गया।
घर पहुंची एमपी पुलिस, तो युवक हुआ भयभीत
मामले की भनक जब किशोरी के परिजनों को लगी, तो बालकृष्ण नामक व्यक्ति ने मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी मामले की जांच में पिछले दिनों खुरई थाने के हेड कांस्टेबल किशोरी के परिजनों को लेकर रात के समय अंशुमान के नैनी स्थित घर पहुंचे थे। अचानक पुलिस को दरवाजे पर देखकर अंशुमान घबरा गया और छिप गया। पुलिस दोबारा आने की बात कहकर लौट गई, लेकिन इस दबिश ने अंशुमान के मन में गहरा भय पैदा कर दिया।
रात में लगाया फंदा, सुबह कमरे में लटका मिला शव
पुलिस की दबिश से सहमा अंशुमान रात भर तनाव में रहा। माता-पिता के अपने कमरों में सोने जाने के बाद उसने देर रात अपनी जीवनलीला समाप्त करने का फैसला कर लिया। उसने कमरे में साड़ी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया। सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे, तो कमरे में उसका शव लटकता देख चीख-पुकार मच गई।
क्या कहती है पुलिस?
एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। सुसाइड नोट के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार

12वीं फेल