मुख्यपृष्ठसमाचारडॉ. संजय हेलाले ने दिया मासूम को नया जीवन!

डॉ. संजय हेलाले ने दिया मासूम को नया जीवन!

-जन्म से था सुनने में असमर्थ, मां-बाप भी हैं मूक-बधिर

संदीप पांडेय / मुंबई

मुंबई के कुर्ला-पश्चिम स्थित क्रिटिकेयर एशिया मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में मशहूर ईएनटी एवं कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जन डॉ. संजय हेलाले ने जन्म से सुनने में असमर्थ एक बच्चे की कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी कर उसे नई जिंदगी की उम्मीद दी है।
बता दें कि बच्चे के माता-पिता दोनों सुनने में असमर्थ हैं। परिवार में केवल दादी और बच्चे की बुआ ही सामान्य रूप से सुन सकती हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने के कारण परिवार को आधुनिक श्रवण उपचार, स्पीच थेरेपी और कॉक्लियर इम्प्लांट जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी और पहुंच सीमित थी। माता-पिता की श्रवण समस्या के कारण बच्चे के उपचार, अस्पताल के नियमित दौरे और भविष्य की जिम्मेदारियां निभाना भी बेहद कठिन हो गया।
करीब छह महीने तक परिवार ने बच्चे के लिए बेहतर माहौल बनाने का हर संभव प्रयास किया। इस दौरान बच्चे की बुआ ने उसकी पूरी जिम्मेदारी संभाली और अंतत: बच्चे को उन्होंने विधिवत गोद लेने का निर्णय लिया, ताकि उसका उपचार और पुनर्वास बेहतर ढंग से हो। इसके बाद बच्चे को डॉ. संजय हेलाले की देखरेख में लाया गया। विस्तृत जांच, चिकित्सकीय मूल्यांकन और सावधानीपूर्वक योजना बनाने के बाद डॉ. हेलाले और उनकी टीम ने अत्यंत सफलतापूर्वक कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी को अंजाम दिया।
यह उपचार क्रिटिकेयर एशिया मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के ‘श्रव्या कॉक्लियर इम्प्लांट प्रोग्राम’ के तहत संपन्न हुआ। इस मानवीय पहल को सफल बनाने में वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. संजय हेलाले और उनकी समर्पित मेडिकल टीम की अहम भूमिका रही। साथ ही एचसीपी ईएनटी चैरिटेबल ट्रस्ट, डॉ. रत्नाकर व उनकी टीम तथा क्रिटिकेयर हॉस्पिटल के एडमिन शिवकुमार तड़का के सहयोग और समन्वय ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत
इस सफल सर्जरी के साथ खामोशी में जन्मा यह बच्चा अब आवाज, संवाद, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की ओर अपना पहला कदम बढ़ा चुका है।

अन्य समाचार