अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के उतरी भाग में बसे मिथिलांचल नाम से मशहूर दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंचल नगर गांव में आज मंगलवार को निर्माणाधीन चहारदीवारी के पास रखे एक संदिग्ध झोला में रखा बम अचानक विस्फोट हो गया। जिसके कारण इस धमाके में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।इस विस्फोट की घटना के बाद इस पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विस्फोट की चपेट में आने से यहां पर दिहाड़ी मजदूरी कर रहे लक्ष्मी पासवान के पुत्र रामबाबू पासवान और श्रीकांत पासवान के पुत्र कमलेश पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं ।जिनका स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।इस बीच इस घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि वहां पर चार दिनों से काम चल रहा था। दरअसल बीते साल 2008 में यह जमीन नेयाज नाम के व्यक्ति से मोहम्मद शाहिद ने खरीदी थी।आरोप है कि नेयाज ने यही जमीन दोबारा किसी दूसरे शख्स के हाथ बेच दी है। इस संबंध में आम लोगों ने बताया कि आज मंगलवार की सुबह वहां कुछ नहीं नहीं हो रहा था। इसके साथ ही काम भी बंद था कि अचानक धमाके की सूचना मिली, जिसमें एक मजदूर का हाथ गंभीर रूप से जल गया है वहीं दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई है। विस्फोट की घटना की सूचना मिलते ही पतोर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद के कारण बम रखे जाने की आशंका है। वहीं पतोर थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार ने बताया कि धमाके जैसी आवाज थी, पर शुरुआती छानबीन में बारूद जैसी कोई चीज नहीं मिली है। विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही दी जाएगी।
