-कहा, अनर्गल आरोप के लिए सांसद दुबे को करें तत्काल गिरफ्तार
उमेश गुप्ता / वाराणसी
भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में आज बुधवार को एडवोकेट राजू यादव के नेतृत्व में समाजवादी कार्यकर्ताओं द्वारा चेतगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई और कार्रवाई न होने पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन और अनिश्चित कालीन आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
एडवोकेट राजू यादव ने कहा कि ये वही दुबे हैं जो देवघर बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में जबरन घुसपैठ कर पुलिस से मारपीट कर चुके हैं, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा चुके हैं। अब सोशल मीडिया पर भी झूठ फैलाकर समाज को बांटने की साजिश रच रहे हैं, और पूर्व मुख्यमंत्री पर झूठा आरोप लगाकर उनकी छवि को धूमिल करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। यदि आज शाम तक निशिकांत दुबे के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो कल समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और आमजन के साथ मिलकर विशाल एवं अहिंसापूर्ण धरना-प्रदर्शन व आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
एडवोकेट राजू यादव के साथ तहरीर देने वालों में लक्ष्मी कांत किशमिश गुरु, प्रमोद राय, शंकर विशनानी, विकाश यादव बच्चा, संतोष यादव, वरुण सिंह,अतुल श्रीवास्तव, इरशाद अहमद, रमाकांत जायसवाल, राहुल कन्नौजिया, शान केशरी सहित अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
