राजेश सरकार / प्रयागराज
करछना थाना क्षेत्र के धरवारा-खेसका गांव के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। प्रयागराज से कोहड़ार जा रही करीब डेढ़ दर्जन सवारियों से भरी प्राइवेट बस की स्टेयरिंग अचानक जाम हो गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर पर लगे लोहे के दो एंगल से टक्कर के कुछ ही क्षण बाद शॉर्ट सर्किट के चलते बस में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। बस के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए यात्री किसी तरह बस से कूदकर बाहर निकले। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसा बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। बस में आग की लपटें उठते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही करछना पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक पूरी बस जलकर राख हो चुकी थी। करछना थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस यमुनानगर मेजा की थी। स्टेयरिंग जाम होने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे के दौरान चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। गनीमत रही कि स्थानीय नागरिकों की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई। घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बस में आग लगने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
