-जोगेश्वरी में शराबी पति ने पत्थर से कुचला पत्नी का सिर…आरोपी फरार, ओशिवरा पुलिस सोती रही
सामना संवाददाता / मुंबई
फडणवीस सरकार की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। मुंबई में अपराधियों के अंदर से पुलिस का डर खत्म हो गया है। इसका जीता-जागता सबूत सोमवार रात जोगेश्वरी-पश्चिम में देखने को मिला। ओशिवरा पुलिस स्टेशन से महज १०० मीटर दूर आदर्श नगर में एक शराबी पति ने चाकू से पत्नी का गला रेत दिया। इतना ही नहीं, बीच सड़क पर पत्थर से सिर भी कुचल दिया। खून से लथपथ शव को फुटपाथ पर छोड़कर आरोपी फरार हो गया और पुलिस ९ घंटे तक सोती रही। ओशिवरा पुलिस की नींद टूटी और हरकत में आकर नौ घंटे बाद आरोपी को पकड़ लिया। ओशिवरा पुलिस कंट्रोल को सूचना मिली कि एक महिला सड़क पर जख्मी पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि मर्डर ओशिवरा पुलिस स्टेशन से बिलकुल १०० मीटर दूरी पर हुआ है। फिर भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। लोगों का कहना है कि आरोपी काफी देर तक हत्या को अंजाम दे रहा था। पत्थर से सिर कुचलने के बाद भी वह काफी देर तक खड़ा रहा। पुलिस चाहती तो आरोपी को मौका-ए-वारदात से गिरफ्तार कर सकती थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला का नाम झुमरी धीरज पवार (३५) है। घरेलू झगड़े के बाद पति धीरज कलेक्टर पवार, ३६ वर्ष ने रसोई के चाकू से गले पर वार किया और फरार हो गया। पुलिस ने झुमरी को निर्भया वाहन से ट्रॉमा केयर हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी धीरज कत्ल के बाद फरार हो गया था। ओशिवरा पुलिस ने रातभर छापेमारी की। आखिरकार, बुधवार की सुबह ४.२० बजे आरोपी को बहेरमबाग, जोगेश्वरी-पश्चिम से गिरफ्तार किया गया।
२ महीने में हुर्इं मुंबई में बड़ी मर्डर की घटनाएं
जून महीने में नालासोपारा लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में दरवाजा बंद करने के विवाद में २२ वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या।
अप्पापाड़ा में सिरफिरे ने चाकू से ४ लोगों पर हमला। २८ वर्षीय आकाश धोत्रे की मौके पर मौत।
जुलाई महीने में समतानगर इलाके में २१ वर्षीय डिलिवरी बॉय ने १७ वर्षीय नाबालिग की हत्या कर शव कांदिवली की पहाड़ी में फेंका। कुल मिलाकर हर हफ्ते एक खून। और सरकार कहती है ‘कानून व्यवस्था चुस्त है’।
