मुख्यपृष्ठनए समाचारअब महायुति ने बढ़ाया लालपरी का भाड़ा...१३.५० प्रतिशत बढ़ेगा किराया!.. लाखों यात्रियों...

अब महायुति ने बढ़ाया लालपरी का भाड़ा…१३.५० प्रतिशत बढ़ेगा किराया!.. लाखों यात्रियों को लगेगा बड़ा झटका

सुनील ओसवाल / मुंबई

महाराष्ट्र में हर दिन लाखों यात्रियों की जीवनरेखा मानी जाने वाली राज्य परिवहन (एसटी) बस सेवा का सफर एक बार फिर महंगा होने जा रहा है। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) ने १३.५० प्रतिशत किराया वृद्धि का प्रस्ताव तैयार किया है। परिवहन प्राधिकरण की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लग सकती है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही नए किराए तत्काल लागू होने की संभावना है।
इस वर्ष १५ अप्रैल से १५ जून तक ग्रीष्मकालीन अवधि के लिए १० प्रतिशत अस्थायी किराया वृद्धि लागू की गई थी, जिसे बाद में १५ जुलाई तक बढ़ा दिया गया। अब यह अवधि समाप्त होने के साथ ही स्थायी रूप से १३.५० प्रतिशत तक किराया बढ़ाने की तैयारी है। यदि प्रस्ताव मंजूर हुआ तो आम यात्रियों की जेब पर एक और अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
महामंडल ने इस बार टिकट व्यवस्था में भी बदलाव का प्रस्ताव रखा है। यात्रियों और परिचालकों के बीच छुट्टे पैसों को लेकर होने वाले विवाद खत्म करने के लिए बस टिकटों का किराया ५ रुपए के गुणांक में तय करने की सिफारिश की गई है। अधिकारियों का दावा है कि इससे नकदी लेन-देन आसान होगा और विवाद कम होंगे।
किराया बढ़ाना प्रशासन की मजबूरी
महामंडल का कहना है कि कर्मचारियों के भत्तों में बढ़ोतरी, डीजल की लगातार ऊंची कीमतें, टायर और बसों के स्पेयर पार्ट्स की बढ़ती लागत के कारण परिचालन खर्च में भारी इजाफा हुआ है। इसी वजह से किराया बढ़ाना मजबूरी बन गया है।
एसटी की आर्थिक स्थिति चिंताजनक
हालांकि, लगातार किराया बढ़ाने के बावजूद महामंडल की आर्थिक हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। मई महीने में एसटी को १,०४७.१७ करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि खर्च १,०९६.०७ करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यानी महामंडल को एक महीने में ही करीब ४९ करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ा। हालत यह है कि राज्य के ३१ में से २२ एसटी विभाग अपने परिचालन का खर्च भी नहीं निकाल पा रहे हैं।

अन्य समाचार