फिरोज खान
मोबाइल की स्क्रीन आज बच्चों के लिए खिड़की कम और दलदल ज्यादा बन गई है। ईस्ट साइबर पुलिस की ‘टिप लाइन’ रिपोर्ट ने पूरे समाज को हिला दिया है। खुलासा हुआ है कि सोशल मीडिया पर लाखों कच्ची उम्र के बच्चों को सेक्स, नग्नता और अश्लील वीडियो दिखाकर यौन शोषण के जाल में फंसाया जा रहा है। २३ जुलाई को अज्ञात यूजर्स के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। आई ४ सी से मिली जानकारी में यूजर्स के नाम, आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबर भी शामिल हैं।
सबसे डरावनी बात ये है कि इन अपराधों का शिकार ८ से १६ साल के बच्चे बन रहे हैं। अपराधी गेम, कार्टून और फेक प्रोफाइल के जरिए बच्चों से दोस्ती करते हैं और धीरे-धीरे उन्हें अश्लील कंटेंट भेजते हैं। छोटी उम्र में ऐसी चीजें देखने से बच्चे डरे-सहमे, चिड़चिड़े और अकेले हो जाते हैं। पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्हें लगता है कि ये सब ‘नॉर्मल’ है। बड़े होकर वो खुद शोषण करने वाले या शिकार बन जाते हैं। एक बार फोटो-वीडियो भेजने के बाद अपराधी बच्चों को ब्लैकमेल करते हैं। कई बच्चे सुसाइड तक कर लेते हैं। माता-पिता से दूरी बढ़ जाती है और बच्चा अपराधियों पर ज्यादा भरोसा करने लगता है।
टिप लाइन रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चों को पहले सेक्स, नग्न तस्वीरें और लड़के, लड़कियों के गुप्त अंग दिखाकर उत्तेजित किया जाता है, फिर उनसे भी नग्न तस्वीरें मंगवाकर इंटरनेशनल मार्केट में बेची जाती हैं।
‘दोस्त बनिए, जासूस नहीं’
विशेषज्ञों का कहना है कि माता-पिता को चाहिए बच्चों को डांटें नहीं। उन्हें समझाएं कि कोई भी अनजान व्यक्ति अगर प्राइवेट फोटो मांगे या गंदी बात करे तो तुरंत आपको बताएं। ध्यान दें कि फोन बेडरूम में रातभर न रहे। लिविंग रूम में सबके सामने फोन यूज हो। बच्चे के सोशल मीडिया अकाउंट प्राइवेट रखें। लोकेशन शेयरिंग बंद करें।
स्कूल और समाज के लिए संदेश
हर स्कूल में महीने में एक बार साइबर सेफ्टी की क्लास हो। बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ के साथ ‘गुड क्लिक-बैड क्लिक’ भी सिखाएं। कोई भी संदिग्ध वीडियो, लिंक या मैसेज दिखे तो उसे डिलीट करने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन १९३० या म्ब्ंीम्rग्स.ुदन्.ग्ह पर रिपोर्ट करें। इंटरनेट बुरा नहीं है, पर बिना निगरानी के ये जहर बन जाता है। आज अगर हमने आंखें बंद कीं तो कल हमारे बच्चे इस गंदे खेल का शिकार बनेंगे। बच्चों को फोन दें, पर साथ में संस्कार और सुरक्षा भी दें, क्योंकि एक क्लिक उनकी पूरी जिंदगी बर्बाद कर सकता है।
