मुख्यपृष्ठनए समाचारमुख्यमंत्री पद की अटकलों पर महायुति में घमासान!.. भाजपा नेता जयकुमार गोरे...

मुख्यमंत्री पद की अटकलों पर महायुति में घमासान!.. भाजपा नेता जयकुमार गोरे की शिंदे गुट को नसीहत

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के केंद्र में जाने और राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर चल रही अटकलों के बीच सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच भाजपा नेता और मंत्री जयकुमार गोरे ने शिंदे गुट के मंत्री भरत गोगावले के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
गोरे ने साफ शब्दों में कहा कि कौन ऊपर जाएगा और कौन नीचे रहेगा, यह तय करने का अधिकार किसी मंत्री को नहीं है। हम सभी मंत्रिमंडल के सहयोगी हैं। इसलिए सभी को जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए और ऐसी राजनीतिक चर्चाओं से दूर रहना चाहिए। उन्होंने गठबंधन के सभी नेताओं को संयम बरतने की सलाह दी।
दरअसल, महाराष्ट्र के मंत्री भरत गोगावले ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने भगवान से प्रार्थना की है कि एकनाथ शिंदे दोबारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनें। गोगावले के इस बयान को मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी बीच देवेंद्र फडणवीस को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की अटकलों ने भी महाराष्ट्र की सियासत को गरमा दिया है।
फडणवीस के नेतृत्व की गोरे ने की तारीफ
सोलापुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जयकुमार गोरे ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री के रूप में महाराष्ट्र में अच्छा काम कर रहे हैं। राज्य में चुनावों में मिली सफलता उनके नेतृत्व और कामकाज का बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि फडणवीस खुद स्पष्ट कर चुके हैं कि वे महाराष्ट्र में ही रहेंगे।

अन्य समाचार