मुख्यपृष्ठनए समाचारशिक्षा चौपट, रोजगार ठप!

शिक्षा चौपट, रोजगार ठप!

-भाजपा सरकार पर कांग्रेस का करारा हमला

-पेपर लीक और बंद हो रहे एमएसएमई

-उद्योगों को लेकर फडणवीस सरकार को घेरा

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक एक गंभीर बीमारी का रूप ले चुका है, जिससे लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
सपकाल ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ तुरंत नहीं रोका गया तो भाजपा को इसकी भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी। यही युवा इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।
`१६० करोड़ के शालार्थ घोटाले
सपकाल ने आरोप लगाया कि राज्य की पूरी शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया गया है। १६० करोड़ रुपए के शालार्थ घोटाले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि फर्जी शालार्थ आदेशों के जरिए ८४१ शिक्षकों और कर्मचारियों का अवैध पंजीकरण कराया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि इस मामले में भाजपा नेता संजय गरुड की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हो गया है कि पूरे घोटाले को किसका संरक्षण प्राप्त था।
सरकार के दावों की खुली पोल
शिक्षा के साथ-साथ राज्य में रोजगार और औद्योगिक विकास के मोर्चे पर भी सपकाल ने सरकार के दावों को खोखला बताया। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि वर्ष २०२३ से २०२६ के बीच महाराष्ट्र में २८,७६४ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम (एमएसएमई) इकाइयां बंद हो चुकी हैं।
एक भी परीक्षा पारदर्शी ढंग से कराने में नाकाम सरकार
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नीट और टीईटी के बाद अब महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से ठीक पहले व्हॉट्सऐप पर वायरल होने की कई शिकायतें सामने आई हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और जिम्मेदार एजेंसियां केवल टालमटोल और लीपापोती में लगी हैं।

अन्य समाचार