-संजय गरुड़ के गिरीश महाजन का करीबी होने का दावा
-`१६० करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के शिक्षा क्षेत्र को झकझोर देनेवाले शालार्थ आईडी शिक्षक भर्ती घोटाले में नासिक क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य संदिग्ध आरोपी और भाजपा पदाधिकारी संजय गरुड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे सोलापुर स्थित एक फार्महाउस से हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार किया। संजय गरुड़ को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री गिरीश महाजन का करीबी बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर फर्जी शालार्थ आदेशों और पिछली तारीख के दस्तावेजों के आधार पर सरकारी व्यवस्था को गुमराह करते हुए करीब १६० करोड़ रुपए की आर्थिक धोखाधड़ी की गई। इस मामले में अब तक लगभग १,२०० संदिग्ध सामने आ चुके हैं, जबकि छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नासिक रोड पुलिस थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान नासिक, जलगांव, धुले और नंदूरबार जिलों में बड़े पैमाने पर कथित अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में ८४१ शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के नामों का कथित दुरुपयोग किए जाने की बात सामने आई है।
इस मामले में मुख्याध्यापकों, संस्थाचालकों, सेवानिवृत्त शिक्षा उपनिदेशकों, शिक्षा अधिकारियों और वेतन अधीक्षकों सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि कथित तौर पर शिक्षा विभाग और निजी शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था।
