मुख्यपृष्ठस्तंभधरती फटी सड़कें टूटीं!

धरती फटी सड़कें टूटीं!

जापान में ७.१ तीव्रता का भूकंप

१.५ लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश

टोक्यो। जापान के दक्षिण-पश्चिमी क्यूशू क्षेत्र में मंगलवार को आए ७.१ तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। भूकंप का केंद्र कुमामोटो प्रांत में बताया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़कें बीच से फटी हुई, पत्थर की दीवारें ढहतीं और दुकानों की अलमारियों से सामान नीचे गिरता दिखाई दे रहा है।
भूकंप के तेज झटकों से कई सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचा। क्यूशू एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में पुलों के जोड़ खिसकने और अलग होने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, आग लगने और इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें मिली हैं। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि लोगों के घायल होने तथा सड़कों, पुलों और भवनों को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं मिली हैं।
दी गई थी सुनामी की चेतावनी
भूकंप के बाद जापान के दक्षिणी समुद्र तट के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में खतरे का आकलन करने के बाद हटा लिया गया। हाई-स्पीड शिंकानसेन ट्रेनों की सेवाएं कई मार्गों पर रोकनी पड़ीं। उड़ानें और स्थानीय परिवहन भी प्रभावित हुए।
नुकसान का हो रहा है आकलन
रिपोर्ट के अनुसार, एक अस्पताल में ५० से अधिक घायलों का उपचार किया गया, जबकि तेज रफ्तार ट्रेन में सवार कुछ यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है। जापान की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने १.५ लाख से अधिक लोगों को निर्धारित राहत केंद्रों और सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया है। प्रशासन अभी नुकसान का पूरा आकलन कर रहा है।

अन्य समाचार